-अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने चलाया चेकिंग अभियान, चेक पोस्ट पर बढ़ाया सख्त पहरा
उदय भूमि
गौतमबुद्ध नगर। जिले में शराब तस्करी को रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीमें शराब की दुकानों से लेकर दिल्ली और हरियाणा से आने-जाने वालों की चेकिंग कर अवैध शराब की तलाश कर रही है। आबकारी विभाग की सतर्कता को देखकर जिले में बाहरी शराब माफिया कदम रखने से भी डर रहे है। आबकारी विभाग का यही डर आजकल शराब तस्करों के लिए सबसे बड़ा खतरा बन गया है। मगर इस बीच 100, 200 कमाने वाले छोटे तस्कर जिले की लाइसेंसी दुकानों से ही शराब खरीद कर अपनी दुकान चलाने का कर रहे है। पूर्व में देखा जाए तो छोटे शराब तस्करों की बहुत ही अधिक थी, लेकिन आबकारी विभाग के रात्रि अभियान में सभी शराब तस्कर या तो जेल की हवा खा रहे है या फिर जेल से छूटकर अन्य किसी रोजगार से जुड़ गए है। इन सबके बीच में आबकारी विभाग की टीम दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर चेक पोस्ट पर डेरा डाले हुए है। जिससे दिल्ली विधानसभा चुनाव को भी शराब मुक्त कर सकुशल संपन्न कराया जा सकें। साथ ही शराब की दुकानों पर ओवर रेटिंग करने वाले विक्रेताओं पर भी आबकारी विभाग की टीम ने अब अपनी कार्रवाई को तेज कर दिया है।
गलती से अगर अब कोई शराब विक्रेता ओवर रेटिंग करते हुए पकड़ा गया तो विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई तो होगी ही साथ ही अनुज्ञापी के खिलाफ भी अब दंडात्मक कार्रवाई होगी। छोटे शराब तस्कर और शराब विक्रेताओं के लालच के चलते आबकारी विभाग को परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है। शराब विक्रेताओं को नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए बार-बार आबकारी अधिकारी ने उनके कार्यों में सुधार करने की नसीहत दी। मगर उनकी नसीहत शायद ही कुछ विक्रेताओं को रास नहीं आ रही है। जिसके लिए आबकारी अधिकारी ने अब खुद का एक नेटवर्क तैयार कर लिया है। जिसके लिए खुद अब दुकानों पर उतर कर चेकिंग कर रहे है। देखना यह है कि अब कौन सा विक्रेता उकनी रडार पर आता है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने एक शराब विक्रेता को गिरफ्तार किया है। जिसके पास से यूपी मार्का की शराब बरामद किया है। पकड़ा गया विक्रेता दिन में तो कंपनी में काम करता था और रात होने पर शराब तस्करी का काम करता था। रात में जैसे ही कंपनी से छूटकर आने के बाद अपने अड्डे पर पहुंच कर शराब बेचना लगा, तो उसके कुछ देर बाद ही आबकारी विभाग की टीम ने धावा बोलकर उसे रंगेहाथ दबोच लिया।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार छापेमारी और दबिश की कार्रवाई की जा रही है। बुधवार रात को आबकारी निरीक्षक गौरव चन्द की टीम द्वारा थाना सेक्टर 24 स्थित सेक्टर 11 गंदे नाले के पास दबिश दी गई। दबिश के दौरान मौके पर अवैध रूप से शराब तस्करी कर रहे राकेश कुमार पुत्र फूल सिंह को गिरफ्तार किया गया। जिसके पास से यूपी मार्का कैटरीना देशी शराब ब्रांड के 35 पौवे बरामद किया गया। पूछताछ में तस्कर ने बताया कि वह दिन में कंपनी में नौकरी करता है और कंपनी से आते वक्त ही लाइसेंसी दुकानों से शराब के पव्वे खरीद कर घर में लाकर छिपा देता था। जिसे रात में दुकान बंद होने के बाद महंगे दामों में बेचता था। तस्कर के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया। वहीं दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर आबकारी विभाग की टीम द्वारा कुंडली और कालिंदी कुंज चेक पोस्ट पर लगातार चेकिंग कर रही है।
जिसमें दिल्ली और हरियाणा से आने वाले सभी वाहनों की गहनता से चेकिंग की जा रही है। इसके अलावा आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय, डॉ शिखा ठाकुर, नामवर सिंह, चन्द्रशेखर सिंह, अभिनव शाही और रवि जायसवाल की टीम द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में देशी, विदेशी ,बीयर एवं मॉडल शॉप, दुकानों का सघन निरीक्षण किया। दुकानों पर गोपनीय रूप से टेस्ट परचेज कराई गई और एमआरपी से अधिक शराब की बिक्री करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। अगर किसी भी व्यक्ति को नियम के विरुद्ध अतिरिक्त शराब बेची गई तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला आबकारी अधिकारी का कहना है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। दिन के साथ रात में भी लगातार चेकिंग और दबिश दी जा रही है। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है। अवैध शराब के खिलाफ विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



















