गाजियाबाद में तस्करी के लिए उड़ीसा से नमक की बोरी में लेकर आ रहा था 1 करोड़ का गांजा, क्राइम ब्रांच ने दबोचा

गाजियाबाद। उड़ीसा से कैंटर में नमक की बोरियों के नीचे छिपाकर एनसीआर में सप्लाई के लिए लाई जा रही करोड़ों रुपए के गांजा समेत 2 अन्तर्राज्यीय गांजा तस्करों को क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्कर उक्त गांजे को दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी यूपी में सप्लाई करने की फिराक में थे, जो कि पिछले करीब 4 वर्षों से लगातार गांजा तस्करी का कारोबार कर रहे है। जो कि पूर्व में भी जेल जा चुके है। हरसांव पुलिस लाइन में शुक्रवार को गांजा तस्करी का खुलासा करते हुए एडीसीपी (क्राइम) सच्चिदानंद ने बताया शुक्रवार को क्राइम ब्रांच प्रभारी अब्दुर रहमान सिद्दीकी की टीम ने लोनी रोड लाजपत नगर कट थाना क्षेत्र साहिबाबाद से विपिन पण्डित पुत्र हरिदास निवासी ग्राम विघेपुर जनपद हाथरस और प्रदीप पुत्र तरसपाल निवासी मौहल्ला धारा कॉलोनी गुरुग्राम हरियाणा को गिरफ्तार किया है। जिनकी निशानदेही पर कैंटर वाहन में नमक बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 220 किलोग्राम बरामद किया गया। बरामद गांजे की कीमत करीब 1 करोड 10 लाख रुपए है।

उन्होंने बताया विपिन बड़ी गाड़ी की ड्राइवरी का काम करता है। उसमें ज्यादा फायदा नही होता था, जिसके बाद अलीगढ़ क्षेत्र के गांजा बेचने वालों के संपर्क में आया और फिर धीरे-धीरे उड़ीसा से गांजा लाकर सप्लाई करने लगा। इसमे मुझे फायदा होने लगा। गांजा तस्करी आगरा, अलीगढ़ व फिरोजाबाद से जेल जा चुका हूं। चूंकि इस काम में फायदा बहुत ज्यादा है, इसलिए इस काम को अपने साथियो के साथ बार-बार करता है। प्रदीप राजगीर का काम करता था, जिसमे काफी मेहनत थी। पूरे दिन काम करके 300-400 रूपए ही मिलते थे। जिसके बाद विपिन व चौटाला के सम्पर्क आया और यह काम करने लगा। पकड़े गए आरोपी अपने साथी छत्रपाल उर्फ चौटाला के साथ उड़ीसा जाते थे और वहां से गांजे को गाड़ी में नीचे की तरफ रखकर उसके ऊपर नमक या अन्य कबाड़ या सब्जी आदि लोड कर लेते थे।

जिससे किसी को कोई शक ना हो और भारी माल होने के कारण चेकिंग मे कोई माल को उतरवाता भी नही था। गांजा तस्करी के लिए बडी गाडी किराये पर लेते और जब यह लोग गांजा लोड करके उडीसा से चलते तो अपने फोन बन्द कर लेते। किसी से कोई सम्पर्क नहीं करते थे। जब तक कि माल को उसके तयशुदा जगह पर ना पहुँच जाए। पकड़े गए आरोपी पिछले करीब 4 वर्षों से लगातार गांजा तस्करी का कारोबार कर रहे है। उक्त गांजे को दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी यूपी के जनपदों में सप्लाई करते थे। आरोपी विपिन पूर्व में आगरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद से जेल जा चुका है लेकिन हर बार जमानत पर छूटते ही फिर से गांजा तस्करी का धंधा शुरू कर देता है।