गाजियाबाद नगर निगम में बनेगा हाईटेक कंट्रोल रूम, नवनियुक्त म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने कहा जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण प्राथमिकता

– ऑनलाइन जन शिकायतों के निस्तारण की प्रगति पर रहेगी नजर, शिकायतों की होगी ट्रैकिंग
– शिकायतों के निस्तारण में देरी पर संबंधित अधिकारियों और बाबुओं को देना होगा जवाब

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। शहरवासियों को सीवर, पेयजल, स्ट्रीट लाइट जैसी मूल भूत समस्याओं को लेकर निगम कार्यालय के चक्कर काटने से बचाने के लिए नगर निगम ने कार्य योजना तैयार की है। नगर निगम मुख्यालय में अत्याधुनिक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा जहां पर सभी शिकायतों का अप टू डेट ब्यौरा रखने के साथ-साथ समयबद्ध तरीके से उसका निस्तारण कराया जाएगा। कंट्रोल रूम में लोग ऑनलाइन और ऑफलाइन शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। इन शिकायतों का निर्धारित अवधि में नगर निगम द्वारा निस्तारण किया जाएगा। जिस विभाग की शिकायत होगी उस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। निर्धारित अवधि में शिकायतों का निस्तारण नहीं होने पर संबंधित विभाग के अधिकारी और बाबू से जवाब तलब होगा। कंट्रोल रूम हाईटेक होगा और यहां से शिकायतकर्ता को मैसेज के जरिये शिकायत प्राप्त होने और उसके निस्तारण को लेकर भी जानकारी दी जाएगी। यह एक तरह नगर निगम के कामकाज को सिंगल विंडो सिस्टम प्लेटफार्म पर लाने की तैयारी है। नगर निगम की योजना है कि एक ऐसी एकीकृत व्यवस्था डेवलप की जाये जिससे कि लोगों को अलग-अलग कार्यालय के चक्कर काटने से छुटकारा मिल जाये।
नवयुग मार्केट स्थित नगर निगम मुख्यालय में बनने वाले हाईटेक कंट्रोल रूम में लोग फोन करके या फिर ई-मेल करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। कंट्रोल रूम द्वारा संबंधित विभाग को शिकायत फारवर्ड कर दिया जाएगा और शिकायतकर्ता को कंप्लेन नंबर दिया जाएगा। इस कंप्लेन नंबर के जरिये यह ट्रैक किया जा सकेगा कि संबंधित शिकायत के निस्तारण को लेकर क्या प्रगति हुई है और वर्तमान स्थिति क्या है। शहरवासी साफ-सफाई, नाली, गंदगी, अतिक्रमण, खराब सड़कें, पेयजल आपूर्ति, सीवर समस्या, स्ट्रीट लाइट के अलावा हाउस टैक्स से संबंधित शिकायतें भी ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। म्युनिसिपल कमिश्नर ने आईटी एवं टेक्नीकल एक्सपर्ट के अलावा निगम अधिकारियों के साथ इस बात को चर्चा की। नगर निगम की योजना है कि एक ऐसा ऐप डेवलप किया जाये जिससे कि उसमें नगर निगम की सभी सुविधाओं से संबंधित जानकारी के अलावा शिकायत करने का भी आॅप्शन उपलब्ध रहे।

सभी वार्डों में प्राथमिकता के आधार पर होंगे तीन काम
शहर में विकास कार्यों को गति प्रदान करने के उद्देश्य से मेयर आशा शर्मा और म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने सभी वार्डों में प्राथमिकता के आधार पर तीन समस्याओं का निराकरण कराए जाने का निर्णय लिया है। म्युनिसिपल कमिश्नर ने समस्त विभागीय अधिकारी को निर्देश दिया गया है कि वह पार्षदों से से समन्वय स्थापित कर विशेष प्राथमिकता वाली समस्याओं के संबंध में प्रस्ताव प्राप्त कर स्थलों का निरीक्षण करते हुए क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप कार्य योजना तैयार करें। अधिकारियों को एक सप्ताह में इसकी रिपोर्ट तैयार करके देने के लिए कहा गया है। चरणबद्ध तरीके से समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा।

कुछ अलग करने से पहले मैं बेसिक्स को ठीक करना चाहता हूं। शहरवासियों की मूलभूत सुविधाओं को लेकर नगर निगम को तत्पर रहने की जरूरत है। हमारा काम है कि शहरवासियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करायें। लोगों की बेसिक्स समस्याएं एवं शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निदान कराया जाना बेहद जरूरी है। हाईटेक कंट्रोल रूम के माध्यम से लोगों को एक ऐसा प्लेटफार्म उपलब्ध कराया जाएगा जहां शिकायत प्राप्त होने से लेकर उसके निस्तारण होने तक की स्थिति पर निगरानी रहेगी। पार्षदों से बात करके वार्ड के प्रमुख तीन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने का निर्णय लिया गया है।
महेंद्र सिंह तंवर
म्युनिसिपल कमिश्नर
गाजियाबाद।