एचआईएमटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के वार्षिकोत्सव स्प्रीस्टा 25 का भव्य आगाज

-तीन दिवसीय सांस्कृतिक और खेल महोत्सव में 50 से अधिक संस्थानों के 1000 प्रतिभागी ले रहे हैं भाग

उदय भूमि
ग्रेटर नोएडा। एचआईएमटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के बहुप्रतीक्षित वार्षिक उत्सव स्प्रीस्टा 25 की शुरुआत बुधवार को भव्य अंदाज में हुई। तीन दिनों तक चलने वाले इस मेगा इवेंट में खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और कलात्मक प्रदर्शन का संगम देखने को मिलेगा। उद्घाटन समारोह में एचआईएमटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष हेम सिंह बंसल, सचिव अनिल कुमार बंसल, संयुक्त सचिव अनमोल बंसल, समूह निदेशक प्रो. (डॉ.) सुधीर कुमार, कार्यकारी निदेशक डॉ. विक्रांत चौधरी समेत सभी निदेशक, डीन, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य, कर्मचारी और उत्साही छात्र दर्शक उपस्थित रहे।

खेलों में दिखी रोमांचक प्रतिस्पर्धा
स्प्रीस्टा 25 के पहले दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में छात्रों ने अपनी एथलेटिक क्षमता और खेल भावना का जोरदार प्रदर्शन किया। इनमें कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, खो-खो, बास्केटबॉल, कैरम, शतरंज, रस्साकसी और 100 मीटर फर्राटा दौड़ जैसे खेल शामिल रहे। टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखी गई और छात्रों ने अपनी प्रतिभा एवं दृढ़ संकल्प से दर्शकों को प्रभावित किया। पहले दिन सभी लीग मैचों का समापन हो गया, और फाइनल मुकाबले 20 फरवरी 2025 को खेले जाएंगे।

21 फरवरी को होगी बहुप्रतीक्षित स्टार नाइट
तीन दिवसीय इस महोत्सव में खेलों के अलावा रचनात्मक चुनौतियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनोरंजन कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। सबसे अधिक चर्चा का विषय 21 फरवरी को होने वाली स्टार नाइट है, जिसमें शिवा चौधरी और अजय हुडा अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। यह आयोजन छात्रों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बनने जा रहा है।

एचआईएमटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष हेम सिंह बंसल ने कहा कि स्प्रीस्टा 25 न केवल खेल और सांस्कृतिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का मंच है, बल्कि यह छात्रों के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम वर्क को भी बढ़ावा देता है। हमारा उद्देश्य छात्रों को न केवल शिक्षित करना बल्कि उन्हें बहुआयामी विकास के अवसर प्रदान करना है। इस महोत्सव में पूरे देश के विभिन्न संस्थानों से आए प्रतिभागियों की भागीदारी यह साबित करती है कि यह आयोजन कितनी बड़ी सफलता की ओर अग्रसर है।

स्प्रीस्टा 25: खेल, कला और मनोरंजन का अनूठा संगम
स्प्रीस्टा 25 का पहला दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, और आगामी दिनों में रोमांच और उत्साह का स्तर और ऊंचा होने की उम्मीद है। प्रतिभागियों की ऊर्जा और दर्शकों की उत्सुकता इसे एक अविस्मरणीय आयोजन बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।