मुंबई के श्री साई सचिदानंद मंदिर में हादसा
मुंबई। मुंबई में मंदिर में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से 2 पुजारियों की मौत हो गई। एक अन्य पुजारी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर जाकर छानबीन की। मुंबई के कांदीवली के चारकोप में श्री साई सचिदानंद मंदिर है। पुलिस ने बताया कि रविवार को तड़के करीब साढ़े 3 बजे मंदिर में अचानक आग लग गई। भीषण आग के कारण मंदिर के अंदर सोए पुजारियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। मंदिर के संस्थापक युवराज पवार, सुभाष खोड़े और मोनू गुप्ता आग की चपेट में आ गए। आग की भनक लगने पर तीनों ने वहां से भाग कर जान बचाने की भरसक कोशिश की, मगर मंदिर का ताला लगा होने के कारण तीनों भीतर फंस गए। नागरिकों के मुताबिक तीनों पुजारियों से मंदिर का ताला नहीं खुल पाया। नतीजन हादसे में युवराज पवार और सुभास खोड़े की मौके पर मौत हो गई। जबकि मोनू गुप्ता को गंभीर हालत में शताब्दी हॉस्पिटल मुंबई में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आस-पास के नागरिकों की मदद से किसी तरह आग पर काबू किया। बाद में तीनों पुजारियों को बाहर निकाला गया। तब तक 2 पुजारियों की मौत हो चुकी थी। मंदिर के भीतर आग लगने के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। मृतक युवराज पवार और सुभाष खोड़े के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। झुलसे मोनू का उपचार चल रहा है। पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों की विवेचना की जा रही है। तड़के हादसे के समय शोर-शराबा मचने पर आस-पास के नागरिकों घरों से बाहर निकल आए थे, मगर वह पुजारियों की कोई मदद नहीं कर सके।
















