निर्माणाधीन और जोखिमपूर्ण स्थलों की पहचान कर सुरक्षा उपाय तुरंत लागू करें: रविन्द्र कुमार मॉंदड़

-जिलाधिकारी ने जनपद में दुर्घटनाओं से निपटने के लिए जारी किए सख्त सुरक्षा निर्देश
-निर्माणाधीन इमारतों, मॉल, पुल और सड़क पर जोखिम क्षेत्रों की पहचान कर सुरक्षा उपाय लागू करने का दिया आदेश; समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने का निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद में संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद गाजियाबाद में निर्माणाधीन मॉल, बहुमंजिला भवनों, इमारतों, पुलों, सड़कों पर खुले गड्ढों, सीवर, नालों, तालाबों, पोखरों तथा क्षतिग्रस्त डिवाइडरों जैसे दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर तत्काल आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य सुनिश्चित किए जाएं। जिलाधिकारी ने ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में निर्माणाधीन मॉल के बेसमेंट में जलभराव के कारण हुई मृत्यु की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह हादसा एक गंभीर चेतावनी है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति से इंकार नहीं किया जा सकता, यदि समय रहते एहतियाती कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में अपूर्ण एवं निर्माणाधीन संरचनाएं, खुली सरंचनाएं और क्षतिग्रस्त अवसंरचनाएं आमजन के लिए गंभीर खतरा बनी हुई हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत आवासीय, व्यावसायिक भवनों, मॉल, बहुमंजिला इमारतों, निर्माणाधीन अथवा क्षतिग्रस्त पुलों, सड़कों और अन्य जोखिमपूर्ण स्थलों का गहन निरीक्षण करें। इन सभी स्थानों को चिन्हित कर सूचीबद्ध किया जाए और दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु आवश्यक सुरक्षा उपायों की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि चिन्हित स्थलों का विवरण, प्रस्तावित कार्यवाही सहित, निर्धारित प्रारूप पर दिनांक 25 जनवरी 2026 तक अनिवार्य रूप से जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए। इसके उपरांत बैठक के माध्यम से सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही को लेकर संबंधित विभागों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर दिनांक 30 जनवरी 2026 तक अधोहस्ताक्षरी को उपलब्ध कराएं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्देशों के अनुपालन के बाद भी किसी विभाग के क्षेत्र में दुर्घटना संभावित स्थल पाए जाते हैं, तो संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिलाधिकारी ने दो टूक शब्दों में कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता अक्षम्य होगी। समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही कर जनपद को संभावित दुर्घटनाओं से सुरक्षित बनाना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।