पेट्रोल पंपों पर व्यवस्था नहीं तो कार्रवाई तय: गम्भीर सिंह

• पेट्रोल पंपों पर सुविधाओं की होगी सघन जांच, सुविधाओं की कमी पर होगी कार्रवाई
• पेयजल और शौचालय की सुविधा अनिवार्य, एडीएम सिटी ने दिए सख्त निर्देश

उदय भूमि
गाजियाबाद। शहर में सार्वजनिक सुविधाओं को दुरुस्त करने के अभियान के तहत प्रशासन ने पेट्रोल पंपों पर पेयजल और शौचालय की अनिवार्य व्यवस्था के निर्देश जारी किए हैं। अपर जिलाधिकारी (नगर) गम्भीर सिंह ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी भी पेट्रोल पंप पर पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं मिली, तो संबंधित संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एडीएम सिटी ने विभागीय टीम को निर्देश दिया कि सभी पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि वहां पेयजल और शौचालय की उचित व्यवस्था हो। उन्होंने साफ कहा कि साफ-सफाई से किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकांश पेट्रोल पंपों पर पेयजल और शौचालय की सुविधा नाममात्र की होती है या फिर उनकी हालत बेहद खराब होती है। यात्रियों, खासकर महिलाओं, को इसका सबसे अधिक खामियाजा भुगतना पड़ता है। इस समस्या को देखते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का फैसला किया है। अगर जांच के दौरान किसी भी पेट्रोल पंप पर ये आवश्यक सुविधाएं नदारद मिलीं, तो संबंधित पेट्रोल पंप संचालक पर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। एडीएम सिटी ने यह भी कहा कि केवल शौचालय और पेयजल की व्यवस्था करना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि उनकी नियमित सफाई भी अनिवार्य होगी। अगर किसी भी पेट्रोल पंप पर गंदगी या अव्यवस्था पाई गई तो संबंधित पेट्रोल पंप को क्लीन नोटिस जारी किया जाएगा, साथ ही लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश तक की जा सकती है।

प्रशासन की इस पहल से अब यात्रियों को पेट्रोल पंपों पर बुनियादी सुविधाओं की दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। अक्सर हाईवे और शहर के अंदरूनी हिस्सों में स्थित पेट्रोल पंपों पर शौचालय गंदे होते हैं या फिर पेयजल उपलब्ध ही नहीं होता, जिससे यात्रियों को असुविधा होती है। अब इन निर्देशों के बाद उम्मीद है कि पेट्रोल पंप संचालक अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से लेंगे और जरूरी सुधार करेंगे। अपर जिलाधिकारी (नगर) ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल निर्देशों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके क्रियान्वयन की कड़ी निगरानी भी की जाएगी। प्रशासनिक टीमें समय-समय पर पेट्रोल पंपों की स्थिति की जांच करेंगी और लापरवाही पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई होगी।

प्रशासन की अपील: शिकायत मिलने पर होगी त्वरित कार्रवाई
प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि अगर किसी पेट्रोल पंप पर शौचालय और पेयजल की व्यवस्था न हो, तो तुरंत इसकी शिकायत करें। संबंधित विभाग इस पर त्वरित संज्ञान लेकर कार्रवाई करेगा।

जल्द दिख सकता है असर
प्रशासन के इस सख्त रवैये के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पेट्रोल पंप संचालक कितनी जल्दी इन निर्देशों का पालन करते हैं। अगर इस अभियान को सही तरीके से लागू किया गया, तो निश्चित रूप से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और पेट्रोल पंपों पर स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।