-अधिकारियों ने बुलडोजर के साथ अवैध निर्माण को किया अनुपयोगी घोषित
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन टीम की अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई लगातार जारी है। सोमवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-8 क्षेत्र के अंतर्गत शालीमार गार्डन में जीडीए से स्वीकृत नक्शे के विपरीत अवैध रूप से किए गए निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल ने अवैध निर्माण और अनाधिकृत कॉलोनियों को ध्वस्त करने के लिए सख्त निर्देश दिए थे। इसी क्रम में सोमवार को कार्रवाई के दौरान प्रभारी अधिशासी अभियंता लवकेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने कार्य को अंजाम दिया। इस कार्रवाई में सहायक अभियंता सुरजीत कुमार और अवर अभियंता रितुपाल भी मौजूद थे। साथ ही जीडीए पुलिस बल और शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने भी सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखी।
भूखंड संख्या एस-499-ए, शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-1, साहिबाबाद में था। निर्माणकर्ताओं ने जीडीए स्वीकृत मानचित्र का उल्लंघन कर अतिरिक्त तल पर सीमेंट-रोड़ी के कॉलम और दीवारें बना ली थीं। प्रवर्तन टीम ने बुलडोजर का उपयोग कर इन कॉलम और दीवारों को ध्वस्त कर अनुपयोगी श्रेणी में घोषित कर दिया। अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के दौरान निर्माणकर्ताओं ने जमकर विरोध किया। उन्होंने कार्रवाई को रोकने का प्रयास किया, लेकिन जीडीए पुलिस बल ने उन्हें नियंत्रित करते हुए वहां से खदेड़ दिया। इसके बाद प्रवर्तन टीम ने बुलडोजर से निर्माण को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया।
जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल ने बताया कि नक्शे और नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण अवैध निर्माण को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ सकता और जो भी नियमों का उल्लंघन करता है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहरी और एक्सटेंशन क्षेत्रों में नियमों का उल्लंघन रोकने के लिए जीडीए ने यह संदेश साफ कर दिया है कि अनाधिकृत कॉलोनियों और अतिरिक्त निर्माण के खिलाफ किसी भी तरह की ढील नहीं बरती जाएगी। जीडीए प्रवर्तन टीम की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि प्राधिकरण अपने क्षेत्र में व्यवस्थित और सुरक्षित विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी अवैध निर्माण को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी ऐसे निर्माणकर्ताओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
















