लोनी में अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़: अमित तिवारी की सक्रियता ने रोकी बड़ी अनियमितता

  • जांच में खुला मैजिक वाहन और एलपीजी कैप्सूल का अवैध गैस भरण का पूरा खेल
  • एलपीजी कंट्रोल ऑर्डर और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की गई शुरू
  • जिला पूर्ति अधिकारी ने दी जनता को सुरक्षा की गारंटी, अवैध गैस रिफलिंग पर कोई भी छूट नहीं

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। लोनी तहसील में मंगलवार देर शाम अवैध गैस रिफिलिंग का एक बड़ा मामला प्रकाश में आया, जिसे पुलिस और आपूर्ति विभाग की संयुक्त कार्रवाई ने समय रहते रोक दिया। मामला थाना ट्रोनिका सिटी क्षेत्र के सोनू होटल के पास का है, जहां सूचना मिली कि एचपीसी बोटलिंग प्लांट लोनी से एलपीजी कैप्सूल को मैजिक वाहन में रखे 28 कॉमर्शियल सिलेंडरों में अवैध रूप से भरा जा रहा है। इस गंभीर मामले में जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी की सक्रियता और तत्परता ने कार्रवाई को प्रभावी बनाया। उन्होंने पुलिस और आपूर्ति विभाग की टीम को निर्देशित किया कि अवैध गैस रिफलिंग में शामिल वाहन और सिलेंडर तत्काल थाना ट्रोनिका सिटी लाए जाएं और घटनास्थल की पूरी जांच की जाए। अमित तिवारी ने खुद मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की निगरानी की और सुनिश्चित किया कि सभी कदम कानूनी और नियमों के अनुसार उठाए जाएं। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि मैजिक वाहन और एलपीजी कैप्सूल के वाहन चालक ने कैप्सूल की सील तोड़कर कमर्शियल सिलेंडरों में अवैध रूप से गैस भरी थी। इस कार्य में चालक श्री सुखदेव सिंह और मैजिक वाहन का अज्ञात चालक, साथ ही हॉकर शिवा और सुंदर पता खोड़ा शामिल पाए गए।

कड़ी कानूनी कार्रवाई और फॉरेंसिक जांच
जांच पूर्ण होने के बाद थाना हाजा में एलपीजी कंट्रोल ऑर्डर और आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई। अमित तिवारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अवैध गैस रिफलिंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि जनपद में कोई भी व्यक्ति या संगठन इस प्रकार की गतिविधि करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़े वैधानिक उपाय अमल में लाए जाएंगे।

प्रशासनिक सतर्कता और नागरिक सुरक्षा पर जोर
अमित तिवारी की सक्रियता ने यह संदेश दिया कि प्रशासन न केवल कानून के प्रति गंभीर है बल्कि जन सुरक्षा और आवश्यक वस्तुओं की नियमित आपूर्ति के लिए पूरी तरह सतर्क है। उनके नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई ने इलाके में सुरक्षा और एलपीजी आपूर्ति सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

नागरिकों में बढ़ा प्रशासनिक भरोसा
इस कार्रवाई को सुरक्षा और कानून की दृष्टि से ही नहीं बल्कि प्रशासनिक तत्परता और जवाबदेही के दृष्टिकोण से भी बड़ी सफलता माना जा रहा है। अमित तिवारी की सक्रिय भूमिका से नागरिकों में सुरक्षा और प्रशासनिक जवाबदेही पर विश्वास बढ़ा है। उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या आपूर्ति विभाग को दें, ताकि अवैध गतिविधियों को समय रहते रोका जा सके।