-जीडीए प्रवर्तन टीम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो वेयर हाउस और एक आरएमसी प्लांट सील
-अधिकारियों ने बिना मानचित्र स्वीकृत अवैध निर्माण पर भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने मोरटा और हम-तुम रोड क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित दो वेयर हाउस और एक आरएमसी प्लांट को सील कर दिया। यह कार्रवाई जीडीए प्रवर्तन जोन-1 के प्रभारी एवं ओएसडी तथा प्रवर्तन जोन-3 के प्रभारी अधिशासी अभियंता योगेश पटेल के नेतृत्व में की गई। इस दौरान प्रवर्तन टीम में सहायक अभियंता रूद्रेश शुक्ला, अवर अभियंता इम्तियाज अहमद, प्रवर्तन जोन-3 के सहायक अभियंता अनुज कुमार और अवर अभियंता प्रभु नारायण सिंह शामिल रहे।
कार्यवाही के दौरान जीडीए पुलिस बल और मधुबन बापूधाम पुलिस ने अवैध निर्माण संचालकों और विरोध करने आए लोगों को नियंत्रित किया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष भी एकत्रित हुए, लेकिन पुलिस ने उन्हें शांत कराया और कार्रवाई निर्बाध रूप से संपन्न कराई। सीलिंग के अंतर्गत मोरटा, मेरठ रोड स्थित खसरा संख्या 1280 पर मैसर्स शिव ज्योति पैकेजिंग, खसरा संख्या 1278 पर मैसर्स कौरो मंडल एंटरप्राइजेज लिमिटेड (केओ वीएएस एंटरप्राइजेज), खसरा संख्या 1276 फीनिक्स और खसरा संख्या 1277 पर संचालित गोदाम व वेयर हाउस शामिल थे।
जीडीए प्रवर्तन अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना मानचित्र स्वीकृत अवैध निर्माण किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी ऐसे निर्माणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल के निर्देश के तहत सभी आठ प्रवर्तन जोनों को अवैध निर्माणों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई करने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। इस कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दिया कि जीडीए अवैध निर्माणों के खिलाफ न केवल सतर्क है बल्कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढीलापन बर्दाश्त नहीं करेगा।
















