• देहात में हो रहे अवैध शराब के निर्माण को रोकने के लिए आबकारी विभाग के साथ प्रवर्तन की टीम ने डाला डेरा
• घर व खेत में छिपाकर रखी 35 लीटर अवैध कच्ची शराब को जब्त कर 450 किलोग्राम लहन किया नष्ट
उदय भूमि
लखनऊ। जनपद में पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच महुआ कच्ची शराब के धंधे से जुड़े तस्कर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे है। वहीं तस्करों को सबक सिखाने के लिए आबकारी विभाग की टीमें भी सर्दी के सितम को भूलकर दिन-रात अवैध शराब के अड्डों पर छापेमारी और दबिश दे रही है। जिले के देहात क्षेत्र में चुनावी और त्योहार सीजन खत्म होने के बाद अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना कहा जाए या फिर अवैध शराब के धंधे को रोजगार समझकर अपना चोरी-छिपे कच्ची शराब का निर्माण कर रहे तस्करों ने घर और खेत को ही अवैध शराब का अड्डा बनाया हुआ है। इस अवैध शराब के धंधे में तस्करों ने घर की महिला क्या बच्चों को भी शामिल किया हुआ है। जिन्हें न तो अपने बच्चे की भविष्य की चिंता है और न ही उनका पढ़ाई-लिखाई से कोई ताल्लुक बस, धंधे में जोड़कर पैसा कमाना ही एकमात्र उद्देश्य बनकर रह गया है। इस बीच आबकारी विभाग की टीमें भी अवैध शराब के धंधे में शामिल तस्करों को सही रास्ता दिखाने और उनके बच्चों को अवैध शराब के धंधे से मुक्त कराने के लिए अभियान चलाकर कार्रवाई कर रही है।
जिसमें तस्करों को सुधरने का मौका भी दिया जा रहा है। आबकारी विभाग द्वारा दिए जा रहे मौके का फायदा न उठाने वाले तस्करों को सीधा सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है। जनपद को अवैध शराब के कारोबार के पूरी तरह से मुक्त करने के लिए आबकारी विभाग की संयुक्त टीमें इन दिनों देहात क्षेत्र में लगातार निगरानी करने के साथ उनके अड्डों को नष्ट करने का काम कर रही है। देखा जाए अगर तो आबकारी विभाग द्वारा लगातार हो रही अवैध शराब कारोबारियों पर कार्रवाई के बावजूद क्षेत्रीय पुलिस कार्रवाई करने से बच रही है। जब भी आबकारी विभाग की टीम दबिश देने पहुंचती है तो भट्टियां फिर से सुलगती हुई मिलती है। कच्ची शराब का धंधा बाग से लेकर जंगल, नदी किनारे, झाडिय़ों के बीच और घरों में चलता रहता है। देहात क्षेत्र में महुआ अवैध शराब के निर्माण को रोकने के लिए आबकारी विभाग ने फिर से अपनी कार्रवाई को नई धार देनी शुरु कर दिया है। जिसके लिए ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम प्रधान, चौकीदार और हर गांव में अपना एक मुखबिर तंत्र सक्रिय कर दिया है।
ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम प्रधान, चौकीदार और हर गांव के लोग ही अब देहात क्षेत्र में होने वाले अवैध शराब की गतिविधियों पर अपनी नजर रखेंगे, जो हर पल की जानकारी आबकारी विभाग तक पहुंचाएगें। आबकारी विभाग की इस मुहिम से काफी हद तक शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई में मदद मिलेगी। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब के अड्डों पर आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए कच्ची शराब और लहन से भरे छोटे ड्रमों को जब्त कर नष्ट कर दिया। वहीं घर व खेत में जल रही शराब की भट्टी को भी नष्ट कर दिया।
उप आबकारी आयुक्त/प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी नीरज वर्मा ने बताया जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग की टीमें लगातार कार्रवाई और दबिश दे रही है। बुधवार को आबकारी निरीक्षक लक्ष्मी शंकर बाजपेई, संजीव कुमार तिवारी, प्रवर्तन निरीक्षक प्रदीप भारती और प्रधान / आबकारी सिपाही अजीत पाल सिंह, प्रभात कुमार, स्मिता, निशा, सुषमा और अंजली की संयुक्त टीम द्वारा थाना मोहनलालगंज अंतर्गत ग्राम इंद्रजीत खेड़ा में संदिग्ध घरों, संदिग्ध स्थानों पर दबिश और छापेमारी की गई। दबिश के दौरान मौके से लगभग 35 लीटर अवैध कच्ची शराब और लगभग 450 किलोग्राम लहन बरामद हुआ। लहन को मौके पर नष्ट करते हुए आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में 2 अभियोग पंजीकृत किए गए।
उप आबकारी आयुक्त/प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी ने बताया विभाग की टीमें कार्रवाई के साथ आसपास के लोगों से अपील भी कर रही है कि अपने आसपास होने वाले अवैध शराब से संबंधित कोई भी सूचना हो, आबकारी विभाग को दें। किसी भी गांव को अवैध शराब से मुक्त करने के लिए जागरूकता बेहद जरुरी है। जिससे आपकी आने वाली पीढ़ी को इस धंधे से निकल कर आगे अपने भविष्य में आगे बढ़ सकें। नहीं तो इसी तरह आपकी आने वाली पीढ़ी भी इस धंधे में लिप्त होकर कोर्ट कचहरी की चक्कर काटने को मजबूर होगी। आबकारी विभाग की अपील से प्रेरित होकर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने आबकारी विभाग को उनकी कार्रवाई में सहयोग का आश्वासन दिया।
जिस जमीन और स्थान पर शराब तस्कर अवैध शराब का निर्माण करने की सोचते है, उसी स्थल को अपना हथियार बनाकर आबकारी विभाग की टीम कार्रवाई को अंजाम दे रही है। जिस कारण उनके लिए अब अवैध शराब का निर्माण करना भी बेहद मुश्किल हो गया है। वहीं देहात क्षेत्र के जागरूक लोग भी आबकारी विभाग की कार्रवाई में अपना सहयोग देते नजर आ रहे है। जिस कारण उनके लिए अब उनका घर और खेत भी सुरक्षित नहीं रह गया है। उन्होंने बताया कि जिले को अवैध शराब के कारोबार से मुक्त करने के लिए चलाए जा रहे आबकारी विभाग का अभियान आगे भी लगातार इसी तरह जारी रहेगा। साथ ही टीम द्वारा लगातार दुकानों पर गुप्त टेस्ट परचेजिंग भी कर रही है। जिससे दुकानों पर होने वाली ओवर रेटिंग को रोका जा सकें।


















