जन समस्याओं का तुरंत समाधान प्राथमिकता: दीपक मीणा

-शिकायतकर्ताओं को मिला भरोसा, डीएम ने खुद सुनीं समस्याएं
-जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को गुणवत्तापूर्वक निस्तारित करने के दिए निर्देश, शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने पर दिया जोर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में गुरुवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा ने जनसुनवाई कर आम जनता की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने प्रार्थियों से सीधे संवाद कर उनके आवेदन और शिकायतों को गंभीरता से सुना और समाधान के लिए आश्वस्त किया। जिलाधिकारी ने कई शिकायतों को मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर गुणवत्तापूर्वक निस्तारित करवा दिया। अन्य शिकायतों को विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए निर्देश दिया कि निस्तारण गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में किया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत के समाधान के बाद संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि शिकायतकर्ता से फीडबैक अवश्य लिया जाए, ताकि समाधान की गुणवत्ता परखने का अवसर मिले। जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पेंशन, बिजली, राजस्व, स्वास्थ्य, नगर निगम सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।