पुलिस मुठभेड़ में दो दर्जन मुकदमों वाला शातिर बदमाश पुलिस की गोली से घायल

  • एसीपी प्रियाश्री पाल की अगुवाई में हुई कार्रवाई, अपराधियों में गहराया पुलिस का खौफ

उदय भूमि संवाददाता

गाजियाबाद। शहर में अपराध पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने एक और साहसिक कदम उठाया। बुधवार सुबह लगभग पांच बजे, वेव सिटी एसीपी प्रियाश्री पाल के नेतृत्व में एसओ सर्वेश पाल और उनकी टीम ने कुडिया गढ़ी अंडरपास के पास एक वांछित और शातिर बदमाश बिलाल को मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। उसी सूचना के आधार पर जब टीम इलाके में चेकिंग कर रही थी, तभी एक व्यक्ति संदिग्ध हालात में दिखाई दिया। रोकने पर उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने सटीक कार्रवाई करते हुए उसके पैर में गोली मारी। घायल बदमाश को तुरंत मौके से गिरफ्तार किया गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार बदमाश की पहचान बिलाल, निवासी किले वाली मस्जिद के पास, डासना, के रूप में हुई है। प्राथमिक पूछताछ में उसने वेव सिटी थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई एक संगीन वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, बिलाल के खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, जानलेवा हमला, शस्त्र अधिनियम जैसे गंभीर धाराओं में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने कहा कि अपराधियों के लिए क्षेत्र की जमीन अब सुरक्षित नहीं। जो भी कानून से खिलवाड़ करेगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई तय है। यह कार्रवाई उसी नीति का हिस्सा है जिसके तहत हम अपराध मुक्त गाजियाबाद बनाने के लिए कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीमें 24 घंटे सक्रिय हैं और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

पिछले कुछ महीनों में एसीपी प्रियाश्री पाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वांछित बदमाश पकड़े गए या मुठभेड़ में घायल किए गए, जिससे अपराधियों में भय और आम नागरिकों में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वेव सिटी क्षेत्र अब पहले की तुलना में काफी सुरक्षित महसूस होता है। इस सफलता को पुलिस की सटीक खुफिया जानकारी और समय पर कार्रवाई का नतीजा बताया जा रहा है। पुलिस अब सीसीटीवी, सर्विलांस और ड्रोन निगरानी जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर अपराध पर नजर रख रही है। घायल बदमाश बिलाल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाज के बाद उसे अदालत में पेश किया जाएगा और अन्य मामलों में पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इसके गिरोह के अन्य सदस्यों की भी गिरफ्तारी की जाएगी।