नगर निगम कर्मचारी संघ के चुनाव में शेर घोड़ा और कार ठोंकेगे ताल त्रिकोणीय होगा मुकाबला

कर्मचारियों के चार पैनल ने किया था नामांकन, एक पैनल ने लिया नाम वापस, वर्तमान अध्यक्ष पर लगाया चुनाव में व्यवधान डालने का आरोप

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। नगर निगम कर्मचारी संघ के चुनाव को लेकर कर्मचारियों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है। शुक्रवार से चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई। नवयुग मार्केट स्थित महर्षि बाल्मिकी पार्क में नामांकन प्रक्रिया हुई। शुक्रवार को नामांकन, नाम वापसी और चुनाव चिन्ह वितरण हुआ। कर्मचारी संघ के चुनाव में तीन पैनल मैदान में हैं। तीनों पैनल को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया गया है। अध्यक्ष, महामंत्री सहित यूनियन के 8 पदों के लिए हो रहे चुनाव में एक पैनल को चुनाव चिन्ह शेर, दूसरे पैनल को घोड़ा और तीसरे पैनल को कार चुनाव चिन्ह आवंटित किया गया है। उधर, नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नैन सिंह पर कर्मचारियों ने चुनाव प्रक्रिया रोकने को लेकर व्यवधान डालने का आरोप लगाया है। कर्मचारी यूनियन के लिए मतदान 17 सितंबर को होगा। चुनाव को लेकर हंगामे की आशांका को देखते हुए बाल्मिकी पार्क में काफी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद थे। एलआईयू और खुफिया विभाग की टीम भी चुनाव को लेकर जानकारी लेती रही।

 

शुक्रवार को नवयुग मार्केट स्थित बाल्मीकि पार्क में नगर निगम कर्मचारी संघ का चुनाव लड़ने वाले 8 पदों के लिए 4 पैनल के प्रत्याशियों ने अपने-अपने नामांकन दाखिल किए। बाद में अरविंद त्यागी पैनल ने नाम वापिस ले लिया। नाम वापसी के बाद मैदान में बचे तीनों पैनल के प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिए गए। यह तीनों पैनल के प्रत्याशी चुनाव चिन्ह शेर, घोड़ा और कार की सवारी करते हुए चुनाव मैदान में बिगुल फूंकेंगे। इस बार चुनाव मैदान में कई दिग्गज हैं, वहीं कई दिग्गज अपने-अपने कर्मचारियों के पैनल को चुनाव लड़ाने में ताकत झोंकना शुरू कर दिया हैं। सभी पैनल अपने स्तर पर वोट पाने के लिए कर्मचारियों को रिझाने में लग गये हैं।

नगर निगम यूनियन चुनाव के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विशाल गौरव ने बताया कि नामांकन, नाम वापसी और चुनाव चिन्ह वितरण हो गया है। यूनियन चुनाव को लेकर आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। नामांकन के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी के साथ सहायक निर्वाचन अधिकारी विनोद त्यागी और बृज मोहन सिंघल मौजूद रहे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी विशाल गौरव ने बताया कि तीन पैनल में पैनल अ से अध्यक्ष पद के लिए अनुराग नागर, उपाध्यक्ष पवन कुमार, महामंत्री महेंद्र प्रताप, कोषाध्यक्ष मंजू शर्मा, उपमंत्री भीम सिंह, संगठन मंत्री नीरज, प्रचार मंत्री फारूख, कार्यालय मंत्री मोहम्मद हारून ने नामांकन किया है। पैनल ब से अध्यक्ष पद के लिए रविंद्र कुमार, उपाध्यक्ष संजय शर्मा, महामंत्री नितिन भारद्वाज, उपमंत्री अनिल कुमार, संगठन मंत्री राकेश कुमार, कार्यालय मंत्री रमेश चंद्र जोशी, कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, प्रचार मंत्री निजामुद्दीन ने नामांकन किया। जबकि पैनल स से अध्यक्ष पद के लिए प्रदीप राणा, उपाध्यक्ष जयभगवान, महामंत्री जयदेव कौशिक, उपमंत्री जावेद खान, प्रचार मंत्री मोहित, कोषाध्यक्ष कमल किशोर, कार्यालय मंत्री श्रीमति लोकेश, संगठन मंत्री देविंद्र सिंह चुनाव मैदान में हैं।

कर्मचारियों के प्रदेश स्तरीय यूनियन स्वायत्त शासन कर्मचारी संगठन के प्रांतीय मंत्री चौब सिंह ने वर्तमान अध्यक्ष नैन सिंह पर कर्मचारी यूनियन के चुनाव को रोकने के लिए हर तरीके के हथकंडे अपनाने का गंभीर आरोप लगाया है। नैन सिंह पर पूर्व में भी यह आरोप लगे थे। लेकिन जब उदय भूमि संवाददाता ने नैन सिंह से बात की थी तो उन्होंने आरोपों को नकारते हुए चुनाव के ऐलान के समर्थन की बात कही थी। लेकिन शुक्रवार को एक बार फिर चौब सिंह और कई अन्य कर्मचारियों ने नैन सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि नैन सिंह चुनाव रूकवाने के लिए अंतिम समय तक प्रयासरत रहे। लेकिन उनकी मंशा सफल नहीं रही।

बहरहाल इन आरोप प्रत्यारोपों के बीच अब कर्मचारियों के तीनों पैनल के बीच जोर अजमाईश तेज हो गई है। मतदान और मतगणना 17 सितंबर को होगा। ऐसे में देखना होगा कि कौन पैनल चुनावी बाजी अपने पक्ष में करने में सफल रहता है।