-1200 किलोग्राम लहन को किया नष्ट और 40 लीटर शराब बरामद
-हिंडन खादर क्षेत्र में माफिया के अवैध शराब निर्माण कारखाने पर छापा, तस्कर मौके से फरार
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सूर्यदेव एक तरफ अपना तेज बरपा रहे हैं, तो दूसरी तरफ एक बार फिर से हिंडन खादर क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार में शामिल माफिया अवैध शराब का निर्माण करने की जुगत में जुट गए हैं। लेकिन आबकारी विभाग की मुस्तैद टीम तस्करों के इस मंसूबे को किसी भी कीमत पर पूरा नहीं होने दे रही है। विभाग की कार्रवाई ने न केवल शराब के निर्माण के इस गंदे धंधे को रोक दिया, बल्कि माफिया को यह संदेश भी दे दिया कि उनका अवैध कारोबार अब सुरक्षित नहीं रहेगा। शनिवार को विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के निर्माण के धंधे को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। जैसे ही आबकारी विभाग को एक मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि हिंडन खादर क्षेत्र में अवैध शराब का निर्माण हो रहा है, विभाग की टीम तुरंत सक्रिय हो गई। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम के नेतृत्व में, आबकारी निरीक्षक त्रिवेणी प्रसाद मौर्य की टीम को गठित किया गया।
टीम ने बिना समय गंवाए थाना टीलामोड़ और लोनी के अंतर्गत भूप खेड़ी, बहादुरपुर मथुरापुर हिंडन खादर क्षेत्र में दबिश दी। दबिश के दौरान टीम ने झाडिय़ों के बीच जल रही अवैध शराब की भट्टी को नष्ट कर दिया और जलकुंभी के बीच छिपाकर रखे गए 1200 किलोग्राम लहन और 40 लीटर अवैध शराब को बरामद किया। टीम ने मौके से पांच बड़े ड्रम और एक छोटे ड्रम में भरी अवैध शराब और लहन को जब्त किया। इसके अलावा, कच्ची शराब और लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। हालांकि, जब तक विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तस्कर झाडिय़ों में छिपकर भाग गए थे। यह कार्रवाई माफिया के लिए एक बड़ा झटका साबित हुई, क्योंकि अब उनकी पूरी योजना विभाग की मुस्तैदी के कारण चूर-चूर हो गई। विभाग की कार्रवाई से यह साबित हो गया कि चाहे माफिया कितनी भी कोशिश कर लें, अवैध कारोबार को सफल होने नहीं दिया जाएगा।
आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई के बाद आसपास के स्थानीय लोगों से अवैध शराब के कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए सहयोग की अपील की। विभाग ने यह भी कहा कि यदि आम लोग विभाग को सूचना देने में मदद करें, तो ऐसे अवैध धंधों पर पूरी तरह से नियंत्रण पाया जा सकता है। आबकारी विभाग ने साफ किया है कि वह भविष्य में भी अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए सख्त कदम उठाता रहेगा। विभाग के अधिकारियों ने यह भी बताया कि अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और कोई भी तस्कर कानून से बच नहीं सकेगा। इस कार्रवाई से एक बार फिर यह साबित हो गया कि आबकारी विभाग किसी भी अवैध कारोबार को बढऩे नहीं देगा और आम जनता की सुरक्षा के लिए अपनी पूरी जिम्मेदारी निभाएगा।
जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने कहा, हमारी प्राथमिकता है कि किसी भी तरह से अवैध शराब का कारोबार शहर और जिले में पनपने न पाए। हिंडन खादर क्षेत्र में की गई कार्रवाई इसका स्पष्ट उदाहरण है। अवैध शराब के निर्माण और वितरण में शामिल अपराधियों को हम किसी भी हालत में नहीं छोड़ेंगे। ऐसे तस्करों के खिलाफ विभाग सख्त कदम उठाता रहेगा। उन्होंने अकहा, मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि यदि वे किसी भी इलाके में अवैध शराब के निर्माण या बिक्री के बारे में जानकारी रखते हैं तो तत्काल हमें सूचित करें।
हमें जनता के सहयोग से ही इस तरह के अवैध कारोबार पर पूरी तरह से अंकुश लगाने में सफलता मिल सकती है। हम अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं, लेकिन जनता की भागीदारी से हम इस काम को और प्रभावी बना सकते हैं। हमारे विभाग के कर्मचारी हमेशा तत्पर रहते हैं और किसी भी घटना की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई करते हैं। अवैध शराब के कारोबार से न केवल समाज को नुकसान होता है, बल्कि यह कानून-व्यवस्था को भी प्रभावित करता है। हम इसकी रोकथाम के लिए हर संभव प्रयास करेंगे और आम जनता की सुरक्षा को हमेशा प्राथमिकता देंगे।















