बोले, देश में ना रहें ड्रैगन के प्रवक्ता बने नेता
नई दिल्ली। भारत-चीन सीमा विवाद पर अब केंद्रीय मंत्री एवं सांसद वीके सिंह ने तल्ख टिप्पणी की है। उन्होंने दो टूक कहा कि चीन के पैरोकारों को भारत में रहना नहीं चाहिए। उन्हें कोई दूसरी जगह तलाश लेनी चाहिए। पुलवामा हमले पर पाकिस्तान के कबूलनामे पर भी केंद्रीय मंत्री ने बयान दिया है। इस बहाने उन्होंने विपक्षी दलों पर तंज कसा। न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने भारत-चीन सीमा विवाद पर अपनी मंशा स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि चीन के प्रवक्ता बने नेताओं को भारत में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा हमले पर पाकिस्तान के कबूलनामे पर भी बयानी दिया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमने पहले कह दिया था कि पुलवामा हमले को पाकिस्तान में बैठकर अंजाम दिया गया था। हमारी बात अब साबित हो गई है। पुलवामा हमले पर पाकिस्तान के मंत्री की स्वीकारोक्ति के बाद विपक्ष को भी समझ में आ गया होगा। उन्होंने कहा कि भारत में आतंकवाद फैलाने वाले देश के लिए विपक्ष के जो नेता प्यार जताते हैं, वह भारत विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सरकार से सवाल पूछने का पूरा अधिकार है, मगर आतंकवाद के समर्थक और आतंक फैलाने वाले देश से जो मोह करते हैं, उनके बारे में आप क्या कहेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलवामा हमले पर पाक की स्वीकारोक्ति को सरकार समूची दुनिया को बताएगी और उसे काली सूची में डाल कर मदद रोकने की मांग करेगी। केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने कहा कि भगवा आतंकवाद जैसी बातें फैलाने की कोशिश करने वालों ने पुलवामा हमले पर सवाल उठाए थे। इन दलों को बयान देने से पहले अच्छी तरह सोचना-समझना चाहिए। बता दें कि पाकिस्तान की संसद में वीरवार को इमरान खान सरकार के मंत्री फवाद चौधरी ने यह बयान दिया था कि पुलवामा हमला पाकिस्तान सरकार ने कराया था। उन्होंने यहां तक कहा कि हमने भारत में घुसकर मारा था। इस बयान पर घिरने के बाद मंत्री फवाद चौधरी अब डैमेज कंट्रोल की कोशिश में लग गए हैं।















