-इंदिरापुरम को 85 करोड़ रुपये का विशेष बजट, वसुंधरा ज़ोन को 10 करोड़ की मंजूरी; सड़कों और नालों के साथ शहर में होगा व्यापक इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम के महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने इंदिरापुरम और वसुंधरा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विकास कार्यों की शुरुआत की है। मंगलवार को महापौर ने 95 करोड़ रुपये से अधिक के निर्माण कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया। जिसमें इंदिरापुरम क्षेत्र को 85 करोड़ रुपये और वसुंधरा ज़ोन को 10 करोड़ रुपये की बड़ी आर्थिक मदद दी गई है। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि इंदिरापुरम क्षेत्र को हाल ही में नगर निगम में शामिल किया गया है, जिसके बाद यहां की सड़कें और नाले काफी खराब हालत में थे। स्थानीय जनता की लगातार मांगों को ध्यान में रखते हुए 15वें वित्त आयोग की बैठक में इंदिरापुरम को विशेष बजट आवंटित किया गया। उन्होंने कहा कि यह विकास कार्य इंदिरापुरम के लिए एक नई शुरुआत साबित होंगे, जिससे यहां के नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी।
शिलान्यास के दौरान महापौर ने बताया कि इंदिरापुरम के अंतर्गत कुल 13 बड़े निर्माण कार्य होंगे, जिनमें प्रमुख सड़कों और नालों का पुनर्निर्माण शामिल है। खास तौर पर सीआईएसएफ रोड, बीएन त्रिपाठी मार्ग, शहीद मनोज पांडेय मार्ग, पंडित विजय लक्ष्मी मार्ग, काला पत्थर मार्ग समेत कई अन्य सड़कों और नालों की मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके अलावा, वसुंधरा सेक्टर 11 की आंतरिक सड़कें और बृज विहार का मुख्य मार्ग भी बेहतर किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर पूरी गंभीरता रखी जाएगी और समय-समय पर मॉनिटरिंग की जाएगी ताकि सड़कों और नालों की मजबूती लंबे समय तक बनी रहे।
इसके साथ ही, उन्होंने पार्षदों को भी निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने वार्डों में स्थानीय जरूरतों और समस्याओं को जल्द से जल्द दूर कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं। शिलान्यास कार्यक्रम में महापौर सुनीता दयाल के साथ नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, पार्षद धीरज अग्रवाल, पार्षद प्रीति जैन, पार्षद हरीश कराकोटी, पार्षद डॉ. अनिल तोमर, पार्षद अनुज त्यागी, पार्षद संजय सिंह, पार्षद राधेश्याम त्यागी, पार्षद सतेंद्र चौधरी, पार्षद विनय चौधरी, पार्षद हिमांशु चौधरी सहित कई अन्य पार्षद और अधिकारी मौजूद रहे।
नगर निगम की नई योजनाएं और पार्षदों की भूमिका
महापौर ने बताया कि नगर निगम ने प्रत्येक वार्ड के लिए 100 करोड़ रुपये का कोटा भी जारी किया है, जिससे पार्षद अपने-अपने क्षेत्र में छोटे-बड़े विकास कार्य करा सकेंगे। इससे न केवल मुख्य मार्गों का विकास होगा, बल्कि वार्डों की आंतरिक सड़कों और नालों की भी मरम्मत हो सकेगी।
महापौर का वादा, नहीं रुकेगी विकास की गति
महापौर ने कहा कि इंदिरापुरम और वसुंधरा के विकास कार्यों को लेकर उनका पूरा ध्यान है और वे समय-समय पर इन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करती रहेंगी। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता के प्रति सख्त नजर रखें और किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर सीधे नगर निगम कार्यालय से संपर्क करें। यह विकास कार्य न केवल इलाके की सड़कों और नालों की समस्याओं को दूर करेंगे, बल्कि आने वाले वर्षों में गाजियाबाद के इन दोनों महत्वपूर्ण क्षेत्रों की छवि को भी बेहतर बनाएंगे। स्थानीय लोगों ने महापौर के इस फैसले और विकास कार्यों की शुरुआत का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही उनके क्षेत्र की यातायात एवं जल निकासी संबंधी समस्याओं से छुटकारा मिलेगा।
इंदिरापुरम में हो रहे प्रमुख निर्माण कार्य
• सीआईएसएफ रोड से डीपीएस स्कूल तक सड़क और नाला निर्माण (लागत लगभग 3.63 करोड़)
• बीएन त्रिपाठी मार्ग से कैलाश मानसरोवर भवन तक सड़क-नाला निर्माण (लगभग 8.78 करोड़)
• शहीद मनोज पांडेय मार्ग पर आरसीसी नाला निर्माण (लगभग 6 करोड़)
• पंडित विजय लक्ष्मी मार्ग, सुभद्रा जोशी मार्ग पर सड़क निर्माण (लगभग 6.79 करोड़)
• काला पत्थर मार्ग से मकनपुर बस स्टैंड तक आरसीसी नाला निर्माण (लगभग 7.54 करोड़)
• वसुंधरा सेक्टर 11 की आंतरिक सड़कों का निर्माण (लगभग 1.29 करोड़)
• बृज विहार मुख्य मार्ग और आंतरिक सड़कों का निर्माण (लगभग 3.96 करोड़)
• अप्सरा बॉर्डर के दोनों तरफ नाला निर्माण कार्य (लगभग 5.35 करोड़)

















