इंडोनेशियन डेलीगेशन ने उचित दर दुकान का किया निरीक्षण, राशन वितरण प्रणाली से हुए प्रभावित

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। इंडोनेशिया से आए 11 सदस्यीय डेलीगेशन ने बुधवार को गाजियाबाद स्थित उचित दर विक्रेता मै0 चमन प्रकाश की दुकान का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने राशन वितरण प्रणाली का लाइव डेमोंस्ट्रेशन देखा और इसकी सराहना की। उचित दर दुकान पर आपूर्ति विभाग के जिला पूर्ति अधिकारी श्री अमित कुमार तिवारी और अन्य स्टाफ ने इंडोनेशियन डेलीगेशन का गर्मजोशी से स्वागत किया। डेलीगेशन ने कांशीराम कॉलोनी, सिद्धार्थ विहार स्थित उचित दर विक्रेता की दुकान पर राशन कार्ड लाभार्थियों को आधार प्रमाणीकरण और आईरिस स्कैनर के माध्यम से खाद्यान्न वितरण की प्रक्रिया का अवलोकन किया। इस दौरान ई-पॉस मशीन के माध्यम से राशन वितरण का लाइव डेमोंस्ट्रेशन भी दिखाया गया। इंडोनेशियन डेलीगेशन ने उचित दर दुकानों पर तकनीकी सुविधाओं, पारदर्शिता और सुचारु राशन वितरण प्रणाली की प्रशंसा की। उन्होंने इस व्यवस्था को इंडोनेशिया में भी अपनाने की इच्छा जताई। इस दौरान अमित कुमार तिवारी (जिला पूर्ति अधिकारी), आनंद प्रभु सिंह (क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी), प्रियंका राय (पूर्ति निरीक्षक), नूर फातिमा (पूर्ति निरीक्षक), सुत्यप्रकाश मालवीय (पूर्ति निरीक्षक) आपूर्ति विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

राशन वितरण का लाइव डेमोंस्ट्रेशन
लाइव डेमोंस्ट्रेशन के दौरान:
• अंत्योदय कार्डधारक महेश कुमार को आईरिस स्कैनर के माध्यम से राशन वितरित किया गया।
• पात्र गृहस्थी कार्डधारक रमेश चंद और श्रीमती जरीना को आधार प्रमाणीकरण के बाद ई-पॉस मशीन से लिंक ई-वेट मशीन द्वारा राशन दिया गया।
• राशन वितरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही, जिसे देखकर इंडोनेशियन टीम ने संतोष जताया।
इसके बाद डेलीगेशन ने जनपोषण केंद्र का भी निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं को लेकर संतोष व्यक्त किया। इंडोनेशिया से आए प्रतिनिधियों ने गाजियाबाद की राशन वितरण प्रणाली की प्रशंसा की और इसे एक अनुकरणीय मॉडल बताया।