इनर व्हील क्लब ने छेड़ी जागरूकता की मुहिम, बच्चियों को दिया सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का संदेश

– ‘ऑरेंज द वर्ल्ड’ अभियान के तहत साईं अक्षरधाम विद्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में नन्हीं छात्राओं को वितरित किए गर्म वस्त्र और खाद्य सामग्री, रैली के जरिए दिया महिला सम्मान का संदेश

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। इनर व्हील क्लब नवीन ग्रेटर नोएडा ने  ‘ऑरेंज द वर्ल्ड’ अभियान के अंतर्गत महिला हिंसा उन्मूलन, सुरक्षा, सम्मान और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को साईं अक्षरधाम विद्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को आत्मविश्वास से भरना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना और समाज में बढ़ती हिंसा के विरुद्ध साहसपूर्वक खड़े होने के लिए प्रेरित करना रहा। क्लब की अध्यक्ष अदिति भारद्वाज ने बच्चियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज समाज में सकारात्मक बदलाव तभी आएगा जब हम सभी मिलकर बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण में योगदान देंगे। उन्होंने यह भी बताया कि क्लब ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से नियमित रूप से सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने का काम करता है। कार्यक्रम के दौरान लगभग 100 बच्चियों को गर्म मोज़े, स्वेटर और पौष्टिक खाद्य सामग्री वितरित की गई।

इस अवसर की खास बात यह रही कि जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश जी की धर्मपत्नी अंकिता सिंह ने स्वयं अपने हाथों से बच्चियों के लिए भोजन तैयार किया और स्नेहपूर्वक उन्हें वितरित किया। बच्चों ने भी इस स्नेह और सहयोग से स्वयं को विशेष और सुरक्षित महसूस किया। विद्यालय परिसर में जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें नन्हीं छात्राओं ने हाथों में संदेश लिखी तख्तियां लेकर महिला सुरक्षा व सम्मान की आवाज बुलंद की। बच्चियों के जोश और उत्साह ने कार्यक्रम को और प्रभावशाली बना दिया। स्कूल की प्रधानाचार्या लक्ष्मी सूर्या कला तथा अध्यापक सोनिया मैम भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं।

उन्होंने इनर व्हील क्लब द्वारा किए जा रहे इस सामाजिक प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बालिकाओं के भविष्य को सुरक्षित और उज्ज्वल बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस कार्यक्रम में क्लब की पूर्व अध्यक्ष नीता सिंगला, शैली गर्ग, प्रतिभा सोधिया, सोनीका त्यागी सहित कई सदस्याएं उपस्थित रहीं और सक्रिय रूप से सहयोग किया। इनर व्हील क्लब नवीन ग्रेटर नोएडा का यह सराहनीय प्रयास समाज में महिला सुरक्षा, सम्मान और जागरूकता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। क्लब के इस प्रयास ने न सिर्फ बच्चियों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरी, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और जागरूकता का संचार भी किया।