-शॉल, चप्पल और आवश्यक सामग्री का वितरण, पर्यावरण संरक्षण व स्वच्छता का दिया संदेश
उदय भूमि संवाददाता
वृंदावन। इनरव्हील क्लब नवीन ग्रेटर नोएडा, डिस्ट्रिक्ट 301 द्वारा वृंदावन में शनिवार को जरूरतमंद महिलाओं को सर्दी से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से एक सराहनीय सेवा प्रकल्प का आयोजन किया गया। इस मानवीय पहल के तहत 102 महिलाओं को शॉल, चप्पल, मोजे, बर्तन तथा खाने-पीने की आवश्यक सामग्री वितरित की गई, जिससे ठंड के मौसम में उन्हें सहारा मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान क्लब की अध्यक्ष अदिति भारद्वाज ने पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए पॉलीथिन के उपयोग से बचने की अपील की। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए क्लब की ओर से सभी लाभार्थियों को कपड़े के थैले वितरित किए गए और वृंदावन को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया गया।
उन्होंने कहा कि सेवा के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण भी सामाजिक जिम्मेदारी का अहम हिस्सा है। इस सेवा प्रकल्प की परियोजना अध्यक्ष अंकिता सिंह रहीं, जिनके मार्गदर्शन में कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में पत्नी शिरी बृजेश सिंह एवं सस्पी जैन ने सभी लाभार्थियों का आत्मीय स्वागत किया तथा दक्षिणा वितरण के माध्यम से सेवा भाव को और सशक्त किया। उन्होंने प्रेम, सद्भाव और सेवा भावना के साथ जीवन जीने का संदेश देते हुए कहा कि इनरव्हील क्लब हर परिस्थिति में समाज के साथ खड़ा रहता है।
इस अवसर पर क्लब की सचिव शैली गर्ग, पूर्व अध्यक्ष अनिता सिंगला, भारती खत्री, सोनिका सहित क्लब के अन्य सदस्यों की पूरी टीम वृंदावन पहुँची और सेवा कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाई। सेवा यात्रा के दौरान क्लब सदस्यों ने यमुना विहार किया, बांके बिहारी जी के दर्शन किए तथा श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से वृंदावन को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की। इस सेवा प्रकल्प के माध्यम से इनरव्हील क्लब नवीन ग्रेटर नोएडा ने न केवल जरूरतमंद महिलाओं को सर्दी से राहत प्रदान की, बल्कि समाज में करुणा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का भी संदेश दिया।

















