इंटरनैशनल बिजनेस एंड ट्रेड सेंटर में भारतीय उत्पादों को मिलेगा वैश्विक बाजार

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनैशनल एयरपोर्ट के पास यमुना सिटी में एक बड़े इंटरनैशनल बिजनेस एंड ट्रेड सेंटर की तैयारी शुरू हो गई है। यह प्रोजेक्ट चीन के झेजियांग प्रांत के प्रसिद्ध यिवू शहर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, जहां दुनिया के सबसे बड़े थोक बाजारों में से एक संचालित होता है। इस सेंटर के माध्यम से भारतीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और बड़ा निर्यात बाजार मिलने की उम्मीद है।

यमुना अथॉरिटी इस प्रोजेक्ट को सेक्टर-7, 8 और 8ए में विकसित करेगी। यहां देशभर में तैयार होने वाले विभिन्न उत्पादों का विशाल थोक बाजार बनाया जाएगा, जहां से सीधे विदेशी बाजारों में निर्यात किया जा सकेगा। इस परियोजना के लिए अथॉरिटी ने पहले अर्न्स्ट एंड यंग (EY) से प्रारंभिक अध्ययन रिपोर्ट तैयार कराई थी। अब प्रोजेक्ट की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) और फाइनेंशियल मॉडल तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। योजना के तहत अलग-अलग उत्पादों के लिए 20-20 एकड़ में विशेष केंद्र विकसित किए जाएंगे। अथॉरिटी के पास इसके लिए पर्याप्त जमीन उपलब्ध है। इन केंद्रों को बेचने की बजाय किराये पर देने की योजना पर विचार किया जा रहा है, ताकि बाजार की मांग के अनुसार उत्पाद श्रेणियों में बदलाव किया जा सके। बताया जा रहा है कि इस ट्रेड सेंटर में उन उत्पादों को प्राथमिकता दी जाएगी जिनका विदेशों में सबसे अधिक निर्यात होता है।

इनमें फर्नीचर, ऑटोमोबाइल पार्ट्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, खिलौने, किचन और बाथरूम उत्पाद, बिजली के उपकरण, सूटकेस, ताले, फूल, रेनकोट और टेलीकॉम उपकरण जैसे सामान शामिल हो सकते हैं। इस दिशा में आगे बढ़ते हुए यमुना अथॉरिटी ने वाणिज्य मंत्रालय को पत्र भेजकर भारत से निर्यात होने वाले प्रमुख उत्पादों की सूची मांगी है। डाटा मिलने के बाद उसी आधार पर बाजार की योजना तैयार की जाएगी। अथॉरिटी का मानना है कि इस तरह का एकीकृत व्यापार केंद्र बनने से विदेशों से आने वाले खरीदारों को एक ही स्थान पर विभिन्न भारतीय उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे। साथ ही नोएडा इंटरनैशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी से निर्यात प्रक्रिया भी तेज और आसान होगी। यमुना अथॉरिटी के एसीईओ शैलेंद्र भाटिया ने कहा कि यह परियोजना यमुना सिटी को वैश्विक व्यापार नेटवर्क से सीधे जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।