-सोसाइटी में उमड़ा सौहार्द और स्वास्थ्य का उत्सव, पूर्व पार्षद की घोषणाओं ने बढ़ाया उत्साह
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को एक प्रमुख सोसाइटी ने योग, सेवा, संस्कृति और सामूहिकता का ऐसा संगम प्रस्तुत किया जो न केवल प्रेरक रहा, बल्कि स्वस्थ जीवन और सामाजिक सौहार्द की मिसाल बन गया। सी और डी ब्लॉक पार्क में आयोजित इस भव्य योग समारोह में बड़ी संख्या में निवासियों ने भाग लिया और उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व पार्षद डॉ मनोज गोयल स्वयं उपस्थित हुए और योग की महत्ता पर प्रेरणादायक विचार साझा किए। साथ ही उन्होंने जनहित में तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं सड़क निर्माण, ओपन जिम की स्थापना और हाउस टैक्स वृद्धि के विरोध में कार्यवाही की जानकारी जिससे उपस्थित जनसमूह में नया उत्साह भर गया। कार्यक्रम का संचालन योग गुरु सुनील गुप्ता द्वारा किया गया, जो पिछले चार वर्षों से निस्वार्थ भाव से योगाभ्यास कराते आ रहे हैं और जिनके 32 वर्षों के अनुभव ने इस आयोजन को आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान की।
प्रतिभागियों ने ताड़ासन, भुजंगासन, हलासन, सूर्य नमस्कार, प्राणायाम और कई अन्य आसनों का अभ्यास किया। भीम शाखा के स्वयंसेवकों की सहभागिता ने कार्यक्रम को सामाजिक समरसता से जोड़ा, जबकि श्री राज महाजन जी द्वारा रामकथा के संगीतमय प्रसंगों ने वातावरण को भक्ति भाव से सराबोर कर दिया। योग गुरु सुनील गुप्ता को पारंपरिक पगड़ी और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया यह केवल सम्मान नहीं, समाज के प्रति उनके सेवा भाव और समर्पण का सार्वजनिक अभिनंदन था।
योग अभ्यास के पश्चात केला, छाछ व पौष्टिक स्प्राउट्स के रूप में प्रसाद का आयोजन हुआ। इसमें रंजन द्वारा तैयार किए गए स्प्राउट्स को विशेष सराहना मिली। इस आयोजन ने सिद्ध किया कि योग केवल शरीर की क्रिया नहीं, आत्मा की अनुभूति है। यह दिन सोसाइटी के लिए केवल योग का दिन नहीं था, यह सामूहिक चेतना, स्वास्थ्य, संस्कृति और सम्मान का पर्व बन गया। निवासियों ने आयोजन में सहभागी सभी व्यक्तियों का हृदय से आभार व्यक्त किया और आशा जताई कि भविष्य में ऐसे आयोजनों की निरंतरता बनी रहेगी, जो समाज को न केवल जोड़ते हैं, बल्कि उसे आंतरिक रूप से मजबूत भी करते हैं।
















