बौखलाहट : शिवसेना नेता संजय राउत की चुनौती

ईडी द्वारा पत्नी को तलब करने पर खोया आपा
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने पलटवार किया

मुंबई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा चर्चित पीएमसी घोटाला प्रकरण में शिवसेना नेता संजय राउत की पत्नी वर्षा राउत को समन जारी कर तलब किए जाने पर सियासत गरमा गई है। भाजपा और शिवसेना के बीच सोमवार को तीखी जुबानी जंग देखने को मिली। बौखलाए संजय राउत ने ट्वीट कर केंद्र सरकार को खुली चुनौती दे डाली। जबाव में भाजपा के अलावा केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने भी ट्वीट कर राउत को चेतावनी दे दी। सियासी गलियारों में यह मामला दिनभर सुर्खियों में रहा। शिवसेना नेता संजय राउत ने किसी का नाम लिए बिना ट्वीट कर एक गीत की 2 लाइनें लिखकर अपनी मंशा जाहिर की। राउत ने लिखा कि आ देखें जरा किसमें कितना है दम, जमकर रखना कदम मेरे साथिया। इसके जबाव में केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने भी ट्वीट कर संजय राउत को नसीहत दे दी। ट्वीट में उन्होंने लिखा कि हम भी दिखाएंगे कि हममें है कितना दम। उन्होंने कहा कि ईडी एक स्वतंत्र एजेंसी है। उसकी ओर से राजनीतिक द्वेष के कारण कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। यदि किसी के कागजात में कोई परेशानी होती है तब ईडी की ओर से नोटिस जाता है। बता दें कि पंजाब और महाराष्ट्र सहकारी बैंक (पीएमसी) घोटाला प्रकरण में शिवसेना के फायर ब्रांड नेता संजय राउत की पत्नी वर्षा राउत को ईडी ने तीसरी बार समन भेजा है। वर्षा राउत को पूछताछ के लिए 29 दिसम्बर को बुलाया गया है। इससे पहले मेडिकल ग्राउंड पर वह 2 बार पूछताछ से बच चुकी हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने वर्षा को धनशोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत समन जारी किया है। नियमानुसार यदि कोई व्यक्ति निरंतर 3 समन स्किप करता है तो ईडी उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने को स्वतंत्र है। आधिकारिक सूत्रों ने दावा किया कि केंद्रीय एजेंसी वर्षा राउत से उस राशि की रसीद के विषय में पूछताछ करना चाहती है, जिसका कथित तौर पर बैंक से गबन किया गया था। इस प्रकरण में प्रवीण राउत नामक आरोपी की पत्नी के साथ वर्षा का 50 लाख रुपये का लेन-देन हुआ है।