आईपीएस लिपि नगायच को अपर पुलिस उपायुक्त पद पर पदोन्नति, कमिश्नरेट में हुई विशेष समारोह के दौरान बैज से सम्मानित

-पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ और एडीपीसी केशव चौधरी ने अशोक स्तंभ लगाकर दी बधाई
-डीसीपी सिटी और ट्रांस हिंडन सहित वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल, उज्जवल भविष्य की कामना

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कमिश्नरेट पुलिस में सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) मसूरी के पद पर तैनात आईपीएस लिपि नगायच को अपर पुलिस उपायुक्त (एडीपीयू) पद पर पदोन्नत किया गया। इस अवसर पर शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में एक भव्य पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया, जिसमें उन्हें अपर पुलिस उपायुक्त के पद का प्रतीक अशोक स्तंभ लगाकर सम्मानित किया गया।
पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ ने पदोन्नति के इस विशेष अवसर पर लिपि नगायच को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। समारोह में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं अपराध केशव चौधरी ने भी पदोन्नति की खुशी जाहिर की और उन्हें अपने सशक्त नेतृत्व के लिए शुभकामनाएँ दी। इस मौके पर डीसीपी सिटी धवल जायसवाल, डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। उन्होंने भी लिपि नगायच को पदोन्नति की बधाई दी और उनके द्वारा पुलिस विभाग में निभाई जा रही जिम्मेदारी की सराहना की।

पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार, लिपि नगायच ने मसूरी में अपने कार्यकाल के दौरान कई अहम अपराध निवारण अभियानों और जन सुरक्षा पहलों में उत्कृष्ट योगदान दिया। उनके नेतृत्व में कई अपराधी गिरोह पकड़े गए और शहरी सुरक्षा में सुधार के महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। इस पदोन्नति के बाद अब लिपि नगायच अधिक व्यापक जिम्मेदारी संभालेंगे और पूरे कमिश्नरेट क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएंगे। समारोह में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि यह पदोन्नति न केवल लिपि नगायच के व्यक्तिगत करियर की उपलब्धि है, बल्कि पूरे विभाग के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है।

अधिकारी और सहकर्मी उन्हें इस नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त कर रहे हैं कि उनके नेतृत्व में कमिश्नरेट पुलिस और अधिक प्रभावी और उत्तरदायी बनेगी। पिपिंग सेरेमनी के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने लिपि नगायच को उनके कर्तव्यनिष्ठ कार्य, अनुशासन और पेशेवर दक्षता के लिए सराहा। समारोह में उपस्थित सभी अधिकारियों ने मिलकर उनके उज्जवल भविष्य और पुलिस विभाग में उनके योगदान की कामना की।