दिल्ली से आईएसआईएस आतंकी गिरफ्तार, खौफनाक साजिश नाकाम

-देश की राजधानी के अलावा यूपी में भी अलर्ट
उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने आतंक की खौफनाक साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने आईएसआईएस के आतंकी अब्दुल युसूफ खान को धौला कुआं से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2 कुकर बम, आईईडी, पिस्टल, 4 जिंदा कारतूस व मोबाइल बरामद किया है। वह देश की राजधानी को बम धमाकों से दहलाने की कोशिश में था। अब्दुल की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली और यूपी में हाई अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस की विशेष टीम ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में आतंकी के घर पर छापा मारा। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की रात करीब साढ़े 11 बजे रिज रोड से आईएसआईएस के आतंकी अब्दुल युसूफ खान को दबोचा गया। धौला कुआं से करोल बाग की तरफ जाते समय उसे पकड़ा गया। अब्दुल से पूछताछ करने पर पुलिस के होश उड़ गए। उसके कब्जे से 2 कुकर बम, आईईडी, पिस्टल, 4 जिंदा कारतूस व मोबाइल बरामद किया गया। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलरामपुर का रहने वाला है। पुलिस का कहना है कि युसूफ प्रशिक्षित हार्डकोर आतंकी है। वह दिल्ली में किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की योजना बना रहा था। दिल्ली में उसके कुछ दोस्त रहते हैं। दोस्तों की मदद से वह खौफनाक कारनामे की फिराक में था। पुलिस का कहना है कि आरोपी के मददगारों की तलाश में संभावित स्थानों पर छापेमारी की गई है। आतंकी अब्दुल से आईबी और मिलिट्री इंटेलीजेंस के अधिकारियों ने भी पूछताछ की है। दिल्ली पुलिस की विशेष टीम ने शनिवार को यूपी के बलरामपुर में अब्दुल के गांव में दबिश दी। उसके मकान पर पुलिस ने ताला लगा दिया है। आतंकी के परिजनों से सघन पूछताछ चल रही है। इसके पहले पुलिस ने आतंकी अब्दुल युसूफ को स्पेशल कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे 7 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।