-जनता दर्शन में बढ़ी भीड़, जन शिकायतों का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित
-दिव्यांग अनिल को वित्तीय एवं सहायक सुविधाओं का भरोसा, अधिकारियों को योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट कार्यालय में मंगलवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ द्वारा आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनता ने अपने शिकायतें और जरूरतों के साथ भाग लिया। जनता दर्शन के दौरान नगर निगम, जीडीए, विद्युत, स्वास्थ्य, राजस्व एवं अन्य विभागों से जुड़ी विभिन्न शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन्हें जिलाधिकारी ने ध्यानपूर्वक सुना और समझा। जिलाधिकारी ने प्रार्थियों से यह भी पूछा कि क्या उनके द्वारा पहले भी इसी विषय में आवेदन दिया गया था तथा उनकी समस्या का समाधान क्यों नहीं हो पाया। उन्होंने सभी का भरोसा बढ़ाया कि उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और प्रभावशाली समाधान किया जाएगा। जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्राप्त शिकायतों का समाधान 100 प्रतिशत निस्तारण के साथ किया जाए और जहाँ भी स्थिति स्थलीय निरीक्षण योग्य हो, उसका निरीक्षण अवश्य कराया जाए। इसके साथ ही शिकायत निस्तारित होने के बाद प्रार्थी से प्रतिक्रिया (फीडबैक) लेना भी सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जन शिकायतों के समाधान हेतु अधिकारी सदैव तत्पर रहें और जनता की सेवा में कोई कमी न आने दें। जनता दर्शन के दौरान एक दिव्यांग प्रार्थी अनिल ने जिलाधिकारी से मदद की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि उनका अपना कार्य है और उसे आगे बढ़ाने के लिए पांच लाख रुपये का लोन तथा एक तीन-पहिया वाहन दिलाने में मदद करें। मामला संज्ञान में लेते ही जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि अनिल को योजनानुसार लोन एवं तीन-पहिया वाहन उपलब्ध कराया जाए, साथ ही उन्हें अन्त्योदय कार्ड, आयुष्मान कार्ड तथा उनके बच्चे की शिक्षा के लिए भी आवश्यक सहायता दी जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जब भी कोई असहाय, जरूरतमंद या गरीब व्यक्ति किसी सहायता के लिए आगे आए, तो मानवीय भाव के दृष्टिकोण से पहले स्वयं तत्परता दिखाई जाए और यदि आवश्यक हो तो उसे संबंधित सरकारी योजनाओं का लाभ अवश्य दिलाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गरीबों और पात्र लोगों की सहायता करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वह अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें, ताकि पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सके तथा किसी भी तरह की जानकारी का अभाव न रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए जनपदवासियों से अपील की कि यदि उन्हें किसी ऐसे व्यक्ति के बारे में जानकारी हो, जो सरकारी योजनाओं के लिए पात्र है या किसी प्रकार की पीड़ा में है, तो वह उसे संबंधित अधिकारी से मिलने के लिए कहें या जिलाधिकारी कार्यालय भेजें, ताकि उसकी सहायता की जा सके।
जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने दिव्यांग अनिल को योजना के तहत लोन तथा वाहन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया और 80 प्रतिशत दिव्यांगता, कठिनाई की परिस्थिति को देखते हुए अन्त्योदय कार्ड, आयुष्मान कार्ड तथा बच्चों की शिक्षा के लिए भी योजना लाभ दिलाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, एडीएम ई ज्योति मौर्य, एडीएम एफ/आर सौरभ भट्ट सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
















