-डीसीपी सिटी रोजाना सुन रहे जनता की फरियाद, तत्काल कार्यवाही का भरोसा
-समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण, जनता की आवाज बन रही पुलिस की प्राथमिकता
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट गाजियाबाद के निर्देशों के अनुपालन में पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल ने जनता से सीधा संवाद कायम करते हुए शिकायतों के समाधान को अपनी रोजमर्रा की प्राथमिकता बना लिया है। अपने कार्यालय में प्रतिदिन विभिन्न समस्याओं के साथ आने वाले लोगों से वह व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी बात ध्यानपूर्वक सुनते हैं और मौके पर ही संबंधित विभाग या अधिकारी को निर्देश जारी करते हैं, ताकि शिकायत का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और तय समयसीमा में हो सके। डीसीपी धवल जायसवाल का कहना है कि पुलिस और जनता के बीच भरोसे की डोर तभी मजबूत होगी जब शिकायतकर्ता को यह महसूस होगा कि उसकी समस्या को गंभीरता से सुना जा रहा है और उस पर तत्काल कार्रवाई हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही, देरी या अधूरी कार्रवाई किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनता से मुलाकात के दौरान डीसीपी न केवल शिकायत दर्ज कराते हैं बल्कि संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही फोन कर आवश्यक निर्देश देते हैं, जिससे समस्या का समाधान तेजी से हो सके। यह पहल इस बात का प्रमाण है कि गाजियाबाद पुलिस जनता की हर आवाज को अहमियत देती है और आम नागरिक की परेशानी को हल करने में पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस उपायुक्त का यह जन-संवाद कार्यक्रम अब स्थानीय नागरिकों के बीच विश्वास और लोकप्रियता का प्रतीक बनता जा रहा है।
लोगों का कहना है कि अब उन्हें अपनी समस्या दर्ज कराने के लिए चक्कर नहीं लगाने पड़ते, क्योंकि डीसीपी खुद उनकी बात सुनकर सीधे आदेश जारी करते हैं। इस तरह का सीधा संवाद और त्वरित समाधान न केवल कानून-व्यवस्था को मजबूत कर रहा है बल्कि गाजियाबाद में पुलिस की छवि को भी नए आयाम दे रहा है। यह पहल पुलिस-जनता के रिश्ते में विश्वास और पारदर्शिता की नई मिसाल पेश कर रही है।
















