दिल्ली-एनसीआर में जमकर बरसे बदरा

हिमाचल में बर्फबारी, फंसे 300 यात्री

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में रविवार को मौसम में बदलाव देखने को मिला। रविवार को अल-सुबह से झमाझम बारिश शुरू हो गई। रूक-रूक कर बारिश होने का सिलसिला दिनभर चलता रहा। तापमान में गिरावट आने से सर्दी का प्रकोप और बढ़ गया। बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव होने से आवागमन प्रभावित रहा। मौसम के बदले मिजाज को देखकर अधिकांश नागरिकों ने घरों से बाहर निकलने का कार्यक्रम चेंज कर दिया। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में रविवार को तेज बारिश हुई। गाजियाबाद व नोएडा के अलावा हरियाणा के कुछ हिस्सों में तेज बारिश से जनजीवन पर प्रतिकूल असर पड़ा है। इसके पहले मौसम विभाग ने दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा व उत्तर प्रदेश सहित कुछ राज्यों में रविवार को बारिश की संभावना जाहिर की थी। राजगढ़, अलवर, दौसा, सोनीपत, दादरी, नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़, बदायूं, मोदीनगर, मथुरा, हाथरस, जिंद, पानीपत व करनाल आदि में बारिश होने का अनुमान जताया गया था। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण दिल्ली के कुछ हिस्सों और हरियाणा के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम तीव्रता की बारिश के साथ आंधी चली। उधर, हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के कारण सैकड़ों यात्री रास्ते में फंस गए। सूचना मिलने पर हिमाचल पुलिस ने रविवार को 300 यात्रियों को रेस्क्यू किया है। सभी यात्री रोहतांग के पास अटल सुरंग में फंस गए थे। उधर, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी बर्फबारी के चलते यातायात बाधित रहा। पुलिस का कहना है कि रेस्क्यू के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है। हिमाचल में बर्फबारी के बाद ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। इसके बावजूद वहां यात्रियों का आना-जाना लगा है। उधर, जम्मू-कश्मीर में भी मौसम खराब चल रहा है। न्यूनतम तापमान में कमी आने और बर्फबारी होने से नागरिकों की हालत खराब है।