जयंती : भाजपा नेता अरुण जेटली को श्रद्धांजलि

पीएम, गृह मंत्री और रक्षा मंत्री ने याद किया

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिवंगत नेता अरुण जेटली की आज जयंती है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जेटली को याद किया। भाजपा नेताओं ने जेटली के कार्यों की प्रशंसा की। प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा नेता अरुण जेटली को सोमवार को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि जेटली का ओजस्वी व्यक्तित्व, बुद्धिमता, कानूनी समझ और हाजिर जवाबी को वह सभी व्यक्ति याद करते हैं, जो उनके काफी नजदीक थे। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, मैं अपने मित्र अरुण जेटली जी को उनकी जयंती पर याद कर रहा हूं। उन्होंने भारत की प्रगति के लिए अथक मेहनत की। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अरुण जेटली असाधारण सांसद थे, जिनके ज्ञान और अंतदृष्टि के सानी बहुत कम हैं। उन्होंने कहा कि जेटली ने देश की राजनीति में चिरकाल तक रहने वाला योगदान दिया और पूरे उत्साह एवं समर्पण के साथ देश की सेवा की। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा कि जेटली को एक मुखर वक्ता एवं सक्षम रणनीतकार के रूप में याद किया जाएगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पार्टी को मजबूत करने में जेटली की भूमिका को हमेशा याद किया जाएगा। इसके अलावा भाजपा के अन्य नेताओं ने भी पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली को याद किया। जेटली कई साल तक भाजपा की सबसे मुखर आवाज के नेताओं में शामिल रहे। उन्हें सबसे सूक्ष्म राजनीतिक समझ के नेताओं में से एक माना जाता था। अरुण जेटली का जन्म 1952 में हुआ था। पिछले साल अगस्त में जेटली का निधन हो गया था। लंबी बीमारी के बाद उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया था। जेटली के वित्त मंत्री के कार्यकाल को कभी भुलाया नहीं जा सकता। वित्त मंत्री रहते समय उन्होंने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए थे।