जेपी नड्डा की दो टूक, नीतिश रहेंगे बिहार में चुनावी सारथी

-मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भाजपा, जद यू और लोजपा ठोकेंगे ताल

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। बिहार में विधान सभा चुनाव की बढ़ती सरगर्मी के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतिश कुमार के नेतृत्व में विधान सभा चुनाव लड़ा जाएगा। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी घटक दल मिलकर चुनाव मैदान में ताल ठोकेंगे। एकजुटता से अच्छे परिणाम भी सामने आएंगे। विधान सभा चुनाव की निकटता के मद्देनजर बिहार भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की 2 दिवसीय डिजिटल बैठक आयोजित की गई है। वीडियो कॉफ्रेंस के जरिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विपक्षी दलों पर हल्की राजनीति करने का आरोप मढ़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा, जनता दल (यू) और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) जब-जब एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरी हैं, तब-तब राजग को सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में अगला विधान सभा चुनाव जीतने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ जुटना है। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है। भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि कोरोना काल में छोटी-छोटी बैठकें और घर-घर जाकर प्रचार करना सबसे प्रभावी होगा। ऐसे में सभी को अपनी सुरक्षा भी करनी है। साथ-साथ राजनीतिक मुद्दों को जनता तक पहुंचाना है। उधर, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के बयान से यह साफ हो गया है कि बिहार विस चुनाव में भाजपा, जद (यू) और लोजपा का गठबंधन पूर्व की भांति रहेगा। इसके पहले ऐसी खबरें आई थी कि (जदू) और लोजपा के बीच संबंध अच्छे नहीं चल रहे हैं। लोजपा नेता चिराग पासवान के कुछ बयानों को मीडिया में काफी नोटिस किया गया था।