फिल्म तेजस की टीम पहुंची रक्षा मंत्री के द्वार
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की है। इसके बाद वह एकाएक चर्चाओं में आ गई हैं। वैसे यह मुलाकात राजनीतिक नहीं थी। कंगना अपनी अगली फिल्म तेजस के विषय में चर्चा करने राजनाथ सिंह के पास पहुंची थीं। फिल्मी और सियासी गलियारों में इस मुलाकात को अलग-अलग नजरिए से देखा जा रहा है। अभिनेत्री कंगना रनौत अक्सर सुर्खियों में रहती हैं। ज्वलंत मुद्दों पर वह अपनी बेबाक राय रखने के लिए जानी जाती हैं। इसके चलते कंगना का कई नामचीन हस्तियों से पंगा भी हो चुका है। अब उन्होंने अपनी फिल्म तेजस के सिलसिले में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की है। यह फिल्म सत्य घटनाओं पर आधारित है। इसके चलते फिल्म को लेकर कुछ परमीशन भी कंगना को सरकार से लेनी पड़ रही हैं। अभिनेत्री अपनी टीम के साथ राजनाथ सिंह से मुलाकात करने पहुंची थीं। इस मुलाकात से संबंधित कुछ फोटो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुई है। इन फोटो को कंगना ने खुद शेयर किया है। रनौत ने राजनाथ सिंह से आशीर्वाद लिया है। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि तेजस फिल्म की टीम ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। फिल्म तेजस का पहला पोस्टर सामने आ चुका है। कंगना इस फिल्म में तेज-तर्रार पायलट के किरदार में नजर आएंगी। कंगना ने तेजस की स्क्रिप्ट को वायुसेना संग शेयर किया है। उन्होंने शूटिंग से पहले फिल्म की पूरी कहानी वायुसेना को दिखा दी है। भारतीय वायुसेना ने 2016 में महिलाओं को लड़ाकू भूमिकाओं में शामिल करने का फैसला लिया था। कंगना की फिल्म तेजस उसी ऐतिहासिक कदम से प्रेरित है। इस समय कंगना अपनी फिल्म थलाइवी पर भी काम कर रही हैं। इस फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। यह फिल्म अगले साल रिलीज होने की प्रबल संभावना है।















