भारत बंद पर कंगना रनौत का जुदा रिएक्शन

ट्वीट कर कहा, यूं तो तूफ़ानों कि कमी नहीं…

नई दिल्ली। नए कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलनरत किसानों द्वारा बुलाए गए भारत बंद पर बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने सदगुरु के वीडियो को शेयर कर ट्वीट के जरिए भारत बंद का विरोध किया है। कंगना के ट्वीट पर विभिन्न प्रतिक्रिया भी सामने आई हैं। किसी ने कंगना के समर्थन में तो किसी ने विरोध में प्रतिक्रिया दी है। नए कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों ने मंगलवार को 4 घंटे का भारत बंद का आह्वान किया था। ऐसे में देश के विभिन्न राज्यों में विरोध-प्रदर्शन देखने को मिले। कुछ स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों में भिड़ंत तक हो गई। भारत बंद पर नामचीन हस्तियों का रिएक्शन भी सामने आया है। इसी कड़ी में अभिनेत्री कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में सदगुरु ने प्रोटेस्ट के मुद्दे पर अपने विचार रखे हैं। अभिनेत्री कंगना ने वीडियो शेयर कर लिखा कि आओ भारत को बंद कर देते हैं, यूं तो तूफ़ानों कि कमी नहीं इस नाव को, मगर लाओ कुल्हाड़ी कुछ छेद भी कर देते हैं, रह रह के रोज मरती है हर उम्मीद यहां, देशभक्तों से कहो अपने लिए देश का एक टुकड़ा अब तुम भी मांग लो, आ जाओ सड़क पे और तुम भी धरना दो, चलो आज यह किस्सा ही खत्म करते हैं। कंगना का यह ट्वीट काफी वायरल हो रहा है। फैंस की तरफ से कंगना को सपोर्ट भी मिल रहा है। बता दें कि कंगना रनौत कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर दिलजीत दोसांझ से भिड़ गई थीं। दोनों के बीच की जुबानी जंग ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। दिलजीत दोसांझ और कंगना रनौत ने एक-दूसरे को ट्विटर पर काफी खरी-खोटी सुनाई थी। कंगना रनौत सोशल मीडिया पर हमेशा एक्टिव रहती हैं। वह विभिन्न मुद्दों पर बेवाक तरीके से अपनी राय रखती रहती हैं।