कंगना की राय, आर्थिक आधार पर मिले आरक्षण

ब्राह्मण समाज की खराब दशा से भी चिंतित

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने आरक्षण के मुद्दे पर अपनी राय जाहिर की है। कंगना ने गरीबी के आधार पर आरक्षण देने की वकालत की है। इसके अलावा ब्राह्मण समाज की खराब दशा पर चिंता जाहिर की है। कंगना के इस ट्वीट पर फैंस की तरफ से खूब प्रतिक्रिया आ रही हैं। अभिनेत्री कंगना रनौत सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। वह ज्वलंत मुद्दों पर बेबाक बयानी के लिए जानी जाती हैं। अक्सर उन्हें आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ता है, मगर इससे कंगना पर कोई असर नहीं पड़ता। वह अपने मन की बात को सबके सामने रखने से कभी हिचकती नहीं हैं। अभिनेत्री कंगना रनौत ने अब आरक्षण के मुद्दे को उठाया है। उन्होंने ट्वीट कर ब्राह्मण समाज की खराब दशा पर चिंता प्रकट की है। ट्वीट में कंगना ने कहा है कि आरक्षण हमेशा गरीबी के आधार पर मिलना चाहिए। जाति के आधार पर आरक्षण नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह जानती हैं कि राजपूत समुदाय बेहद तकलीफ में है, मगर ब्राह्मण समाज की स्थिति देखकर भी काफी दुख होता है। कंगना का यह ट्वीट सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। फैंस भी इस पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। ज्यादातर फैंस ने जाति की बजाए आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की जरूरत पर जोर दिया है। फैंस ने कहा है कि आरक्षण का लाभ सिर्फ उन्हीं को मिलना चाहिए, जिन्हें वास्तविक तौर पर इसकी आवश्यकता है। आजादी के बाद से आरक्षण का लाभ जातीय आधार पर मिल रहा है। यह कतई ठीक नहीं है। वहीं, अभिनेत्री कंगना रनौत और उनकी बहन रंगोली चंदेल के विरूद्ध धार्मिक भावनाओं को आहत करने पर पुलिस में एफआईआर भी कराई गई है। मुंबई पुलिस ने कंगना और रंगोली को समन जारी कर अगले सप्ताह पेश होने के लिए कहा है।