-कांवड़ शिविर के लिए 190 जमा हो चुके आवेदन
-कांवडिय़ों की सुरक्षा के लिए रूट पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जहां कांवड़ रूट पर सीसीटीवी कैमरे से लैस किया जाएगा। वहीं, कांवड़ यात्रा के चलते शिवभक्तों की सेवा के लिए लगने वाले कांवड़ शिविर लगाने के लिए अब अनुमति लेनी होगी। बगैर अनुमति के कांवड़ शिविर नहीं लग सकेंगे। कांवड़ शिविर लगाने के लिए बड़ी संख्या में आवेदन जमा होने शुरू हो गए हैं। पुलिस शत-प्रतिशत आवेदनों पर अनुमति जारी कर रही है, इसके साथ ही वहां की सुरक्षा एवं अन्य इंतजामों की बारीकी से समीक्षा भी की जा रही है। छह जुलाई से शनिवार तक पुलिस कमिश्नरेट के तीनों जोन में कांवड़ शिविर के लिए कुल 190 आवेदन आए हैं। इनमें से 55 को अनुमति जारी कर दी गई है। जनपद में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद अब यह अनुमति जारी करने का अधिकार पुलिस के पास आ गया है। जबकि पूर्व में कांवड़ शिविर लगाने की अनुमति जिला प्रशासन द्वारा दी जाती थी।
कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने से पहले वर्ष-2022 में प्रशासन ने 130 कांवड़ शिविरों की अनुमति दी थी, लेकिन अब कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद पुलिस ने 255 कांवड़ शिविरों की अनुमति दी। इसी क्रम में 6 जुलाई से शनिवार तक कमिश्नरेट के तीनों जोन में कांवड़ शिविर के लिए 190 आवेदन आए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इनमें से 55 कांवड़ शिविरों की अनुमति दे दी गई है,जबकि बाकी शिविरों का भौतिक सत्यापन होने के बाद अनुमति जारी की जाएगी। सर्वाधिक ग्रामीण जोन में 85 आवेदन आए। जबकि सिटी जोन दूसरे नंबर पर 60 आवेदनों के साथ और 45 आवेदनों के साथ ट्रांस हिंडन जोन तीसरे नंबर पर हैं।
कांवड़ शिविरों को लगाने की अनुमति के मानक:
दमकल विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र,शिविर के 100 मीटर के दायरे में सीसीटीवी कैमरों और पथ प्रकाश की अनिवार्यता, सभी कांवड़ शिविरों को सड़क के बाईं तरफ लगाया जाएगा। विद्युत विभाग का सुरक्षा प्रमाण पत्र, कांवड़ शिविर में रसोइयों, सेवादार और कर्मचारियों का सत्यापन और सुरक्षा के संबंध में पुलिस का अनापत्ति प्रमाण पत्र आवश्यक होगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वर्ष 2023 में कांवड़ यात्रा के आखिरी के कुछ दिनों में कुछ लोगों ने बगैर अनुमति के शिविर लगा लिए थे। उनके शिविर लगाने के पीछे सेवा भाव था। लेकिन उन्होंने अनुमति नहीं मांगी थी। इन लोगों को पुलिस ने पूर्व में ही चिन्हित कर लिया था। पुलिस इन लोगों से अब संपर्क कर रही है, उनसे कांवड़ शिविर लगाने के लिए आवेदन मांग रही है। इनके आवेदन मिलने के बाद पुलिस नियमों का पालन करके अनुमति प्रदान करेगी।
250 किलोमीटर रूटों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे:
गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट की सीमा में आने वाले 250 किलोमीटर रूटों को पूरी तरह से सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा। पिछली बार कांवड़ मार्गों पर शत-प्रतिशत कैमरे नहीं लग पाए थे। इस बार सभी रूटों पर शत-प्रतिशत कैमरे लगवाए जाएंगे। इन कैमरों का एक्सेस पुलिस अधिकारियों को दिलवाया जाएगा। वह लगातार लाइव फीड देखते रहेंगे। जहां भी कोई अप्रिय घटना होगी। उसकी जानकारी मिलेगी। तत्काल वहां जाकर स्थिति को नियंत्रण में किया जाएगा।
















