कौशांबी में फैला उजाला: पार्षद कुसुम गोयल के प्रयासों से क्षेत्र में लगी नई स्ट्रीट लाइटें

-गंगा टावर के पीछे वर्षों से अंधेरे में डूबे इलाके में लौटी रौनक, स्थानीय नागरिकों ने जताया आभार

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कौशांबी स्थित श्रीराम चौक के पास गंगा टावर के पीछे का क्षेत्र बुधवार की शाम रौशनी से जगमगा उठा। क्षेत्रीय पार्षद कुसुम गोयल के निरंतर प्रयासों और पहल के परिणामस्वरूप नगर निगम द्वारा यहां नए पोल और स्ट्रीट लाइटें लगाई गईं। इन लाइटों का शुभारंभ गंगा टावर के अध्यक्ष एस. वी. सिंह ने नारियल फोड़कर किया। इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों निवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस विकास कार्य के लिए पार्षद कुसुम गोयल का हृदय से धन्यवाद किया। डॉ. मनोज गोयल ने बताया कि कौशांबी कॉलोनी की स्थापना से लेकर अब तक इस इलाके में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं थी। अंधेरा होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती थीं और लोगों का यहां से गुजरना मुश्किल था। उन्होंने कहा कि एक ओर शराब का ठेका और दूसरी ओर वर्षों से खाली पड़ी बिल्डिंग के कारण यह क्षेत्र असुरक्षित महसूस होता था। अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व सक्रिय रहते थे। यह लाइटें अब न सिर्फ क्षेत्र में रोशनी लाएंगी बल्कि सुरक्षा का भी माहौल बनाएंगी। कौशांबी क्षेत्र की पार्षद कुसुम गोयल ने नागरिकों की इस गंभीर समस्या को लेकर नगर निगम के उच्च अधिकारियों तक आवाज पहुंचाई।

उन्होंने महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक को व्यक्तिगत रूप से इस समस्या से अवगत कराया और लाइट लगाने के प्रस्ताव को प्राथमिकता दिलाई। कुसुम गोयल ने कहा कि यह कार्य मेरे लिए सिर्फ विकास नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा से जुड़ा कदम है। अंधेरे के कारण यहां आए दिन होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए यह लाइटें अत्यंत जरूरी थीं। नगर निगम प्रशासन का आभार है, जिन्होंने इस कार्य को त्वरित गति से पूरा कराया। शुभारंभ के दौरान कौशांबी के कई जागरूक नागरिक मौजूद रहे जिन्होंने इस कार्य का स्वागत किया। लोगों ने कहा कि पार्षद कुसुम गोयल ने जिस तत्परता और संवेदनशीलता के साथ इस समस्या का समाधान कराया है, वह सराहनीय है। नागरिकों ने उम्मीद जताई कि इसी तरह आगे भी कॉलोनी की अन्य समस्याओं को लेकर पार्षद सक्रिय भूमिका निभाती रहेंगी।

नए पोल और लाइटें लगने से अब गंगा टावर के पीछे का क्षेत्र रात के समय सुरक्षित रहेगा। स्थानीय निवासियों ने कहा कि लंबे समय से यह इलाका अंधेरे में डूबा रहता था, जिससे न केवल दुर्घटनाओं की आशंका रहती थी बल्कि असुरक्षा का माहौल भी था। अब रोशनी के साथ क्षेत्र में नया उत्साह और भरोसा लौटा है। यह पहल पार्षद कुसुम गोयल के जनसेवा भाव और नगर निगम के सहयोग से हुए समन्वय का प्रमाण है, जिसने कौशांबी क्षेत्र को अंधेरे से उजाले की ओर अग्रसर कर दिया है।

इस मौके पर करवा महासचिव विनय महेश्वरी, कौशांबी वेलफेयर एसोसिएशन महासचिव शोभा रानी बरनवाल, जयपुरिया सोसायटी के अध्यक्ष के. एल. सचदेवा, करवा के पूर्व अध्यक्ष नागेंद्र विजयवर्गीय, समाजसेवी एस. आर. सिंह, पप्पू चौपाल से राकेश, जाकेतिया पवन गुप्ता, गौरव वर्मा, मनीष जैन, भाजपा नेता अवधेश कटियार, मंडल मंत्री कामिनी भदौरिया, भाजपा नेत्री रेनू मल्होत्रा, पूजा मेहरा, नीता जैन, अमिताभ सिन्हा, नरेंद्र सिंह, राज शर्मा, जसपाल सिंह, मुदित, अशोक गर्ग, राजेंद्र गोयल, अमिता जैन, अजय जैन, सोनम राय, अजय गुप्ता, सरिता गुप्ता, साधना मिश्रा, सुदेश गर्ग, ओंकार शर्मा, अजय राणा, गोविंद सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।