-दिल्ली में जयंत चौधरी दिलाएंगे सदस्यता, समर्थकों संग लेंगे दामन
-2027 चुनाव से पहले पश्चिमी यूपी में नए राजनीतिक संकेत
-किसान राजनीति के मजबूत चेहरे माने जाते हैं केसी त्यागी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राजनीति के अनुभवी चेहरे और पूर्व सांसद केसी त्यागी कल राष्ट्रीय लोकदल में शामिल होकर नई राजनीतिक पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। जनता दल (यूनाइटेड) से इस्तीफा देने के बाद वह रविवार को दिल्ली में अपने समर्थकों के साथ रालोद का दामन थामेंगे। इस मौके पर राष्ट्रीय लोकदल के सुप्रीमो एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी उन्हें औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे। कार्यक्रम दिल्ली में आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में समर्थकों के शामिल होने की संभावना है।
पूर्व सांसद केसी त्यागी का राजनीतिक जीवन लंबा और सक्रिय रहा है। वह मूल रूप से गाजियाबाद के मोरटा गांव के निवासी हैं और वर्तमान में लोहिया नगर में रहते हैं। उन्होंने जनता दल (यूनाइटेड) में रहते हुए राज्यसभा सांसद, मुख्य महासचिव और राष्ट्रीय प्रवक्ता जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। इसके अलावा वर्ष 1987 से 1991 तक वह गाजियाबाद-हापुड़ सीट से लोकसभा सांसद भी रह चुके हैं।
केसी त्यागी को किसान और मजदूर वर्ग की आवाज उठाने वाले नेताओं में गिना जाता है। उनका जुड़ाव पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की विचारधारा से रहा है और उन्हें उनका करीबी शिष्य माना जाता है। उन्होंने मेरठ स्थित चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त की है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले केसी त्यागी का राष्ट्रीय लोकदल में शामिल होना खासतौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नए राजनीतिक समीकरणों को जन्म दे सकता है।
उनका प्रभाव क्षेत्र और सामाजिक आधार रालोद को मजबूती देने में अहम भूमिका निभा सकता है। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी ने बताया कि केसी त्यागी की यह ‘घर वापसीÓ है, क्योंकि वह पहले भी रालोद से चुनाव लड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि उनके जुडऩे से पार्टी को संगठनात्मक और राजनीतिक दोनों स्तर पर मजबूती मिलेगी। दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम के साथ ही केसी त्यागी की नई राजनीतिक पारी की औपचारिक शुरुआत होगी, जिस पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हुई हैं।
















