आप बोली केजरीवाल नजरबंद, पुलिस ने कहा-नहीं

भारत बंद के बीच दिल्ली में आरोप-प्रत्यारोप

नई दिल्ली। किसानों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के बीच आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप मढ़ा है। आप का कहना है कि पुलिस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को घर में नजरबंद कर दिया है। उन्हें घर से बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी जा रही है। आप का कहना है कि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने सोमवार को सिंघु बॉर्डर पर जाकर धरनारत किसानों से मुलाकात की थी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें घर में नजरबंद कर दिया है। उन्हें बाहर नहीं जाने दिया जा रहा है। आप के इस आरोप को दिल्ली पुलिस ने खारिज कर दिया है। आप के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज का कहना है कि गृह मंत्रालय के निर्देश पर पुलिस ने मुख्यमंत्री केजरीवाल को घर में नजरबंद किया है। किसी को न तो घर से निकलने की अनुमति है और ना बाहर से किसी को घर में आ सकता है। आप विधायकों को पीटा गया है। घर के बाहर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी है। वहीं, जिले के डीसीपी एंटो अल्फोंस ने कहा कि इस तरह के आरोप सरासर गलत हैं। मुख्यमंत्री आवास के बाहर आप और भाजपा कार्यकर्ताओं के टकराव को रोकने हेतु पुलिस बल को तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री के आने-जाने या उनसे किसी के मिलने पर कोई प्रतिबंध नहीं है। बता दें कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलनरत किसानों ने आज 4 घंटे का भारत बंद बुलाया है। इसके तहत सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक देश के विभिन्न हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन किए जाने हैं। ऐसे में शांति एवं कानून व्यवस्था को बनाए रखने को पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। केंद्र ने सभी राज्य सरकारों को भी जरूरी गाइड लाइन जारी की है। किसानों के भारत बंद के आह्वान का मिला-जुला असर देखने को मिला है। दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मुंबई, पंजाब इत्यादि राज्यों में विरोध-प्रदर्शन देखने को मिले हैं। महाराष्ट्र की सबसे बड़ी मंडी एपीएमसी का बाजार पूर्णत: बंद है। वहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक थोक भाव में सब्जी खरीदने आते हैं।