विज्ञान भवन में आज किसानों से वार्ता करेगी सरकार
नई दिल्ली। दिल्ली में किसान आंदोलन से निपटने के लिए सरकार ने कोशिशें तेज कर दी हैं। इसके मद्देनजर आज दोपहर 3 बजे विज्ञान भवन में किसान प्रतिनिधियों के साथ वार्ता की जाएगी। सरकार की तरफ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कमान संभाली है। राजनाथ की अगुवाई में केंद्रीय मंत्रियों की टीम वार्ता में शामिल होगी। उधर, गाजियाबाद-गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों ने सुबह के समय हंगामा कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग को तोड़ने का प्रयास किया। इसके चलते किसानों की पुलिस के साथ झड़प भी हो गई। नए कृषि कानून के खिलाफ किसान आंदोलन जारी है। इससे निपटने को सरकार ने अब प्रयास तेज कर दिए हैं। इस सिसिले में विज्ञान भवन में दोपहर 3 बजे बैठक बुलाई गई है। बैठक में सरकार की तरफ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रियों की टीम मौजूद रहेगी। जबकि 32 किसान प्रतिनिधियों को न्यौता दिया गया है। किसान संगठनों ने बैठक में भाग लेने पर सहमति जाहिर की है। दिल्ली में सिंधु बॉर्डर पर 32 किसान संगठनों की बैठक हुई। बैठक में सरकार के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। वहीं, किसानों के साथ वार्ता से पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राजनाथ सिंह, अमित शाह, नरेंद्र सिंह तोमर व पीयूष गोयल आदि ने भाग लिया। इस बीच किसानों ने कहा है कि एमएसपी और मंडी के मुद्दे पर उन्हें लिखित गारंटी चाहिए। किसान संगठनों को आशंका है कि नया कानून धरातल पर आने के बाद एमएसपी धीरे-धीरे खत्म होने लगेगी। एमएसपी हमेशा के लिए कायम रहे, इसके लिए किसान इस बात को कानून में शामिल कराना चाहते हैं। उधर, दिल्ली के सिंधु व टिकरी बॉर्डर के अलावा गाजियाबाद-गाजीपुर बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है। तीनों स्थानों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
















