पोलियो टीकाकरण 31 जनवरी तक के लिए स्थगित
नई दिल्ली। देशभर में 16 जनवरी से कोविड-19 वैक्सीनेशन की शुरुआत हो जाएगी। इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां हो गई हैं। इस बीच केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय पोलियो टीकाकरण कार्यक्रम को एकाएक टाल दिया है। देशभर में 17 जनवरी से राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस (एनआईडी) की शुरुआत होनी थी। इसके लिए भी आवश्यक तैयारियां कर ली गई थीं। पल्स पोलियो टीकाकरण (पीपीआई) कार्यक्रम के तहत 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से बचाने के लिए खुराक पिलाई जाती है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी राज्यों को 9 जनवरी को भेजे पत्र में उन्हें पोलियो टीकाकरण कार्यक्रम फिलहाल स्थगित करने की जानकारी दी है। सभी राज्यों के प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) को भेजे गए इस पत्र में कहा गया है कि अप्रत्याशित गतिविधियों के कारण 17 जनवरी से प्रस्तावित राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस (एनआईडी) को अगले आदेश तक स्थगित किया जाता है। उधर, केंद्र ने बयान जारी कर कहा है कि दुनिया के सबसे बड़े कोविड-19 वैक्सीनेशन अभ्यास के चलते यह स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा भारत के राष्ट्रपति के कार्यालय के परामर्श से पोलियो टीकाकरण दिवस को रविवार 31 जनवरी तक के लिए स्थगित किया जा रहा है। इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री हर्षवर्धन ने 8 जनवरी को कहा था कि 17 जनवरी से देश में पोलियो टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। हर्षवर्धन ने बताया था कि सरकार ने 17 जनवरी से 3 दिवसीय राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम आरंभ करने का फैसला किया है। बता दें कि देश के विभिन्न राज्यों में कोराना वैक्सीन की खेप पहुंच चुकी हैं। टीकाकरण के लिए तमाम तैयारियां हो गई हैं। कोविड वैक्सीनेशन पर असर न पड़े, इसके लिए पोलिया अभियान को स्थगित करना पड़ा है। देश में अभी भी कोरोना के नए केस सामने आ रहे हैं। वैक्सीनेशन से कोरोना संक्रमण को रोकने में कामयाबी मिल सकेगी।
















