नववर्ष पर लाइट हाउस प्रोजेक्ट का तोहफा

365 दिनों में बनाए जाएंगे एक हजार मकान

कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लाइट हाउस प्रोजेक्ट की नींव रखी। इस प्रोजेक्ट के तहत साल 2022 तक देश के सभी बेघर परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। देश के 6 शहरों में सालभर में एक हजार मकानों का निर्माण किया जाएगा। लाइट हाउस प्रोजेक्ट में केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर काम करेंगी। इसके अंतर्गत त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, झारखंड और तमिलनाडु में गरीब नागरिकों को किफायती, भूकंप रोधी और मजबूत मकान आवंटित किए जाएंगे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश को आज मध्यम वर्ग के लिए घर बनाने हेतु नई तकनीक मिल रही है। यह 6 लाइट हाउस प्रोजेक्ट देश को आवास निर्माण की दिशा में राह दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि यह को-ऑपरेटिव फेडरलिज्म की मिसाल है। सभी लाइट हाउट प्रोजेक्ट आधुनिक तकनीक से बनेंगे। यह ज्यादा मजबूत होने के साथ गरीबों को सुविधाजनक और आरामदायक आशियाना मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आवास निर्माण को भी स्टार्ट अप की तरह चुस्त दुरूस्त किया जाएगा। लाइट हाउस प्रोजेक्ट के तहत देश के 6 शहरों में 365 दिनों में 1 हजार मकान बनाए जाएंगे। मतलब प्रतिदिन ढाई से तीन मकान का निर्माण होगा। पीएम ने इंजीनियर, विद्यार्थियों और प्रोफेसरों से अपील की कि वह इन साइटों पर जाएं और इन प्रोजेक्ट का अध्ययन करें। इन सभी प्रोजेक्ट के लिए विदेशी तकनीक का सहारा लिया गया है। आप इसका अध्ययन करें और ये देखें कि क्या ये भारत के लिए सही है अथवा इसमें कुछ सुधार की गुंजाइश है। पीएम मोदी ने कहा कि कुछ साल पहले तक घर खरीदारों हालत खराब होती थी। घर के सपने को साकार करना मुश्किल काम था। पैसा दे देने पर भी मकान नहीं मिलता था। पैसा समय से चुकाने के बावजूद घर मिलने का इंतजार करना पड़ता था, मगर मौजूदा सरकार ने इस रवैये को बदल दिया है।