- घोड़े पर भारी पड़ा शेर, निवर्तमान अध्यक्ष रविंद्र कुमार को करारी शिकस्त
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम कर्मचारी संघ के चुनावी रण में इस बार शेर की दहाड़ गूंजी। शुक्रवार को निगम मुख्यालय में हुए अध्यक्ष व अन्य पदों के चुनाव में अनुराग नागर ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अध्यक्ष पद अपने नाम कर लिया। उन्होंने निवर्तमान अध्यक्ष रविंद्र कुमार को 65 वोटों के बड़े अंतर से पराजित किया। चुनावी मैदान में दो पैनल आमने-सामने थे, एक तरफ घोड़े का चुनाव चिन्ह लेकर रविंद्र कुमार मैदान में उतरे थे तो दूसरी ओर शेर के चुनाव चिन्ह पर दहाड़ते हुए अनुराग नागर ने ताल ठोकी थी। नतीजों ने साफ कर दिया कि इस बार कर्मचारियों ने शेर के पैनल पर भरोसा जताया। निगम मुख्यालय का माहौल सुबह से ही चुनावी उत्साह से भरा रहा। मुख्यालय के बेसमेंट में सुबह 9 बजे से ढाई बजे तक मतदान संपन्न हुआ।
मतदान के दौरान गहमागहमी और रोचक माहौल देखने को मिला। इसके बाद दोपहर तीन बजे से मतगणना शुरू हुई। मुख्य चुनाव अधिकारी ब्रजमोहन ने परिणाम घोषित करते हुए बताया कि अध्यक्ष पद पर अनुराग नागर ने कुल 203 वोट हासिल किए जबकि रविंद्र कुमार को 138 वोट मिले। इस तरह से 65 वोटों के अंतर ने नतीजे को एकतरफा बना दिया। चुनाव के नतीजों ने साफ कर दिया कि इस बार निगम कर्मचारियों ने एकजुट होकर बदलाव का समर्थन किया है। अनुराग नागर के पैनल ने हर पद पर जीत दर्ज की और विरोधी पैनल को कोई भी पद हासिल नहीं हो सका। उपाध्यक्ष पद पर मयूर गिरधर विजयी हुए, महामंत्री पद पर महेंद्र प्रताप ने जीत दर्ज की, उपमंत्री पद पर भीम सिंह, संगठन मंत्री पद पर आकाश शर्मा, प्रचार मंत्री पद पर सिराजुद्दीन, कोषाध्यक्ष पद पर सुनील कुमार और कार्यालय मंत्री पद पर विक्रम सिंह विजयी रहे। हर पद पर शेर पैनल का जलवा देखने को मिला और घोड़े के पैनल के प्रत्याशियों को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी।
ढोल-नगाड़ों से हुआ स्वागत, नए नेतृत्व से बढ़ी उम्मीदें
जैसे ही परिणाम घोषित हुए, अनुराग नागर के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। ढोल-नगाड़ों और जमकर नारेबाजी के बीच समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। निगम परिसर देर शाम तक जीत के जश्न से गूंजता रहा। कर्मचारियों का कहना था कि यह चुनाव संगठन के लिए नई दिशा और नई ऊर्जा लेकर आएगा।
कर्मचारियों के हित में होगा काम: अनुराग नागर
विजय भाषण में नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनुराग नागर ने कहा कि यह जीत केवल उनकी नहीं बल्कि कर्मचारियों की उम्मीदों की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी लंबित मांगों को प्राथमिकता दी जाएगी और कर्मचारियों के हित में हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उनका कहना था कि संगठन अब और भी मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा।
रविंद्र पैनल की करारी हार, बदली हवा
इस चुनाव ने नगर निगम कर्मचारी संघ की राजनीति में बड़ा बदलाव कर दिया। निवर्तमान अध्यक्ष रविंद्र कुमार और उनके पैनल की हार ने संकेत दे दिए हैं कि अब संगठन नई सोच और नए जोश के साथ आगे बढ़ेगा। कर्मचारियों का कहना है कि बीते कार्यकाल की निराशा के बाद अब उन्हें नई उम्मीद मिली है और वे चाहते हैं कि नए अध्यक्ष अपने वादों पर खरे उतरें।


















