-अवैध शराब के खिलाफ हाईवे पर आबकारी विभाग ने बढ़ाई निगरानी
-दिन के साथ रात में भी वाहनों की चेकिंग कर चालकों को दी कार्रवाई की चेतावनी
-शराब तस्करों के साथ विक्रेताओं पर कसी नकेल, ओवर रेटिंग रोकने को बनाया एक्शन प्लान
उदय भूमि
लखनऊ। जनपद लखनऊ को अवैध शराब के कारोबार से पूरी तरह मुक्त करने के लिए आबकारी विभाग की टीमें मैदान में उतर चुकी है। यह कोई पहली बार नहीं है, हर दिन आबकारी विभाग की टीमें नई रणनीति के तहत सड़कों पर चेकिंग के साथ-साथ शराब तस्करों के ठिकानों पर छापा मारकर उनके मंसूबों पर पानी फेरने का काम कर रही है। शराब तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आबकारी विभाग की टीम अपनी कार्रवाई को हर दिन धार दे रही है। अभियान के तहत शराब तस्करों के साथ स्पिरिट लेकर जाने वाले वाहनों को भी चेक किया जा रहा है। इसके साथ ही बाहरी राज्यों से आने-जाने वाले सभी वाहनों की गहनता के साथ चेकिंग की जा रही है। शराब माफिया हमेशा आबकारी विभाग के लिए किसी चुनौती से कम नहीं रहे हैं। शराब माफिया की जड़ें काफी गहरी हैं, मगर आबकारी अधिकारी की ठोस रणनीति उनकी जड़ों को कमजोर करने का काम कर रही है। जिसका परिणाम यह है कि जनपद में शराब तस्करों का नेटवर्क टूटता नजर आ रहा है। जिला आबकारी विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई से घबरा कर कुछ तस्करों ने लखनऊ से पलायन करना ही उचित समझ लिया है। जबकि कुछ तस्करों ने इस गैरकानूनी कार्य से तौबा कर ली है। इसी का नतीजा है कि अब पहले की तरह अवैध शराब की खेप बरामद नहीं हो रही है।
आबकारी विभाग की टीम निरंतर कड़ी कार्रवाई कर शराब तस्करों को सबक सिखाने में लगी है। वहीं शराब तस्कर भी सख्ती होने पर वह अपनी रणनीति और ठिकानों में बदलाव कर लेते हैं। इसके चलते आबकारी विभाग को सधी रणनीति अपना कर कार्रवाई करनी पड़ती है। लखनऊ में पिछले कुछ समय से शराब माफिया और उनके गुर्गों की नींद उड़ी पड़ी है। इसका कारण साफ है कि विभाग ने अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन की चेन तोड़ने के लिए प्रभावी कार्य योजना अपना रखी है। इसके तहत शराब माफिया और उनके गुर्गों को संभलने का मौका नहीं दिया जा रहा है। आबकारी विभाग ने भी खुद अब अपने नेटवर्क का विस्तार किया है। इसके अलावा सभी आबकारी निरीक्षकों के मध्य तालमेल को बढ़ाया गया है। निरीक्षक भी एक-दूसरे का भरपूर सहयोग कर सूचना का आदान-प्रदान कर रहे हैं। इसके नतीजे भी अच्छे मिल रहे हैं। आबकारी विभाग ने देहात क्षेत्र में होने वाले महुआ अवैध शराब के निर्माण को रोकने के लिए अभियान तेज किया हुआ है। मुख्य मार्गों पर भी चौकसी बढ़ाई गई है। साथ ही सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने राजमार्ग-राष्ट्रीय मार्ग पर अपना पहरा बढ़ा दिया है।
उप आबकारी आयुक्त/प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी नीरज वर्मा ने बताया भले ही त्योहार और चुनावी सीजन खत्म हो गया हो, मगर इन सबसे परे आबकारी विभाग की टीमें प्रतिदिन अपने कार्रवाई को अंजाम देने के लिए युद्धस्तर पर कार्रवाई को अंजाम दे रही है। मंगलवार को आबकारी निरीक्षक राहुल सिंह, रिचा सिंह, शिखर, विजय शुक्ला, विवेक सिंह, रजनीश प्रताप सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, कृति प्रकाश पाण्डेय, अभिषेक सिंह, विजय राठी,अरविंद बघेल, कौशलेन्द्र रावत, प्रदीप शुक्ला, लक्ष्मी शंकर वाजपेयी, अखिलेश कुमार, अखिलेश कुमार गुप्ता की टीम द्वारा अवैध शराब को लेकर विभिन्न स्थानों पर दबिश एवं छापेमारी की कार्रवाई की गई। लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे टोल प्लाजा पर हरियाणा, पंजाब, दिल्ली की तरफ से आने वाले संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की गई। लखनऊ के साथ बिहार में होने वाली शराब तस्करी को रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीमें हाईवे पर 24 घंटे तीन शिफ्टों में वाहनों की चेकिंग कर रही है। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर संदिग्ध भारी वाहनों और हल्के वाणिज्यिक वाहनों की सघन तलाशी ली गई। टीम ने कई चार पहिया और कंटेनर आदि को रोका, उनकी चेकिंग की गई।
चेकिंग के दौरान वाहनों के चैंबर तक की गहन तलाशी की गई। बिजनौर ग्राम देशी, विदेशी, बियर, बिजनौर चौराहा, देशी, अशरफ नगर देशी, रसूलपुर इठूरिया देशी,माटी देशी, नटकुर देशी और विदेशी दुकान, देशी दुकान, विदेशी दुकान तहसीनगंज, फरीदीपुर विदेशी, बियर दुकान, बालागंज मॉडल शॉप, विदेशी, देशी पारा नई बस्ती मदिरा दुकान विदेशी का आकस्मिक निरिक्षण किया गया। गुप्त रूप से खरीदारी की गई। शराब दुकान के आस-पास एवं फास्ट फूड की दुकानों पर भी औचक छापेमारी कर अवैध रूप से मदिरापान ना कराने के लिए कड़ाई से निर्देशित किया गया। दुकानों पर आवश्यक सभी सूचनाएं लिखने, ऑनलाइन पेमेंट के माध्यम से अधिक से अधिक बिक्री , पॉश मशीन से बिक्री करने और निर्धारित मुल्य पर ही शराब बिक्री के लिए निर्देश दिए गए। साथ ही विक्रेताओं और अनुज्ञापियों को चेतावनी दी गई कि अगर किसी भी ग्राहक से शराब पर अंकित मूल्यों से एक रुपये की भी अधिक वसूली की गई तो संबंधित के खिलाफ तो कार्रवाई होगी ही साथ ही लाइसेंस भी निरस्त कर दिया जाएगा। नियमानुसार शराब की बिक्री करें। इसके अलावा विभूतिखंड स्थित समिट बिल्डिंग और रोहतास प्रेसिडेंशियल स्थित बार अनुज्ञापनों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। बार संचालकों को हिदायत दी गई कि बिना लाइसेंस के शराब पार्टी का आयोजन और बाहरी राज्यों की शराब मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करने वालों को सिखाया सबक
जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही है। साथ ही खुले में शराब का सेवन करने वालों को भी सबक सिखाया जा रहा है। शराब के शौकीनों की हरकत की वजह से कहीं न कहीं लखनऊ की आबोहवा दोनो प्रदूषित हो रही थी। मगर अब लखनऊ की उसी पुरानी विरासत को वापस लाने के लिए आबकारी विभाग की टीम ने अपने अभियान को नए सिरे से धार देते हुए सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है। आबकारी विभाग की सख्ती का असर है कि जिस चौराहे पर शाम होते ही शराब के शौकीनों का जमावड़ा लग जाता था, वहीं आज वह चौराहा शाम होते ही सुनसान नजर आता है।
उप आबकारी आयुक्त/प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी ने बताया ने बताया सभी आबकारी निरीक्षकों को सार्वजनिक जगहों पर शराब इत्यादि का सेवन करने वाले लोगों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए है। सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करने से कहीं न कहीं महिलाओं की सुरक्षा प्रभावित होती है। आबकारी विभाग लगातार अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने के साथ ही कार्रवाई भी कर रहा है। जो कि आगे भी लगातार जारी रहेगी। अभियान के तहत क्लब मोमेंटज बार पर नो स्मोकिंग जोन में धूम्रपान करने वालों पर सबक सिखाते हुए बार संचालक समेत ग्राहकों को भी नियमों का पाठ पढ़ाया। सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन और धूम्रपान पूरी तरह से वर्जित है। इसी के तार बार, होटल व रेस्टोरेंट में भी धूम्रपान का सेवन पूरी तरह से प्रतिबंध है। आबकारी विभाग की टीम बार, रेस्टोरेंट में बार का लाइसेंस तो चेक ही रही है। साथ ही बार व रेस्टोरेंट में धूम्रपान करने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही बार व रेस्टोरेंट संचालकों को भी सख्त हिदायत दी गई कि अगर बार व रेस्टोरेंट में धूम्रपान का सेवन पाया गया तो धूम्रपान करने वालों के साथ-साथ बार संचालकों पर भी कार्रवाई होगी।




















