-बाहरी राज्यों की शराब तस्करी को रोकने के लिए दिल्ली-हरियाणा के सभी रास्तों पर लगाया ताला
-शराब तस्करों के साथ विक्रेता और रेस्टोरेंट, बार पर आबकारी विभाग की टीम ने चलाया अभियान
उदय भूमि
गौतमबुद्ध नगर। 5 फरवरी को दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव को मात्र तीन दिन शेष रहे गए है। एक तरफ दिल्ली में चल रही चुनावी मैदान में राजनीतिक पार्टी के प्रत्याशी दमखम दिखा रहे है। वहीं दिल्ली से सटे गौतमबुद्ध नगर में आबकारी विभाग की टीम भी दिल्ली विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रही है। दिल्ली में शराब तस्करी को रोकने के लिए यहां आबकारी विभाग की टीम पिछले करीब एक माह से अपने दो चेक पोस्ट पर 24 घंटे संघन वाहनों की चेकिंग कर रही है। चेकिंग के साथ वाहन चालकों को शराब तस्करी न करने की हिदायत भी दी जा रही है। इसके अलावा गौतमबुद्ध नगर में दिल्ली की सीमा से 100 मीटर की परिधि में स्थित सभी मदिरा की दुकानें 3 फरवरी शाम 6 बजे से 5 फरवरी शाम 6 बजे तक पूरी तरह से बंद रहेंगी। यह चुनाव भले ही दिल्ली में हो रहा हो, लेकिन दिल्ली से सटा होने के कारण गौतमबुद्ध नगर की आबकारी विभाग की टीमें अपनी कार्रवाई को बखूबी अंजाम दे रही है। जनपदीय टीम का सिर्फ एक मात्र ही उद्देश्य है जिले में बाहरी राज्यों की शराब तस्करी को रोकना, जिसके लिए आबकारी विभाग की टीम पूरी तरह से 24 घंटे अलर्ट है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के साथ-साथ आबकारी विभाग की टीमें लाइसेंसी दुकानों की भी निगरानी कर रही है। क्योंकि दिल्ली-गौतमबुद्ध नगर की सीमा पर बनाए गए दो चेक पोस्ट पर आबकारी विभाग की भारी व्यस्तता को देखकर कहीं कोई विक्रेता अपनी मनमानी पर न उतर जाए, इसके लिए आबकारी विभाग की टीम दुकानों की निगरानी मुखबिर के साथ खुद भी कर रही है। जिले में की जा रही आबकारी विभाग की कार्रवाई का ही नतीजा है कि कुछ दिन पूर्व बिहार जा रही लाखों की शराब गौतमबुद्ध नगर की सीमा को पार तक नहीं कर पाई। अगर समय रहते यह कार्रवाई नही होती तो शराब माफिया बिहार में शराब सप्लाई करने में सफल हो जाते है। लेकिन आबकारी अधिकारी की रणनीति के आगे शराब माफिया के सभी नेटवर्क पूरी तरह से ध्वस्त हो गए। अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह से खत्म करने के साथ आबकारी विभाग की टीम सरकारी खजाने को भरने में अपना अहम योगदान दे रही है। जिसे बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। वहीं हरियाणा बॉर्डर पर भी पहरा बढ़ाया हुआ है। आबकारी विभाग की टीम ने शराब तस्करी के लिए होने वाले सभी रास्तों को पूरी तरह से बंद कर दिया है।
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमें लगातार छापेमारी और दबिश दे रही है। रविवार को आबकारी निरीक्षक आशीष पाण्डेय, डॉ. शिखा ठाकुर, गौरव चन्द, नामवर सिंह, अभिनव शाही, चन्द्रशेखर सिंह और रवि जायसवाल की टीम द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश और लाइसेंसी दुकानों की चेकिंग की गई। साथ ही दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर कोंडली और कालिंदी कुंज में तीन शिफ्टों में 24 घंटे लगातार संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही है। इसी के साथ शराब तस्करों के ठिकानों पर भी लगातार दबिश एवं छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है। बाहरी राज्यों होने वाली शराब तस्करी को रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीम चेक पोस्ट के अलावा राजमार्ग एवं राष्ट्रीय मार्गों पर भी वाहनों की चेकिंग कर रही है।
लाइसेंसी दुकानों पर होने वाली ओवर रेटिंग को रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीम के साथ मुखबिर तंत्र के सहारे भी दुकानों की निगरानी की जा रही है। साथ ही विक्रेताओं को भी सख्त निर्देश दिए गए है कि नियमानुसार शराब की बिक्री करें। अगर किसी भी ग्राहक को नियम के विरुद्ध शराब बेची या फिर शराब पर अंकित मूल्यों से अधिक की वसूली की तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही विक्रेताओं को सख्त चेतावनी दी गई कि दुकान परिसर में या फिर बाहर कोई भी व्यक्ति अवैध रूप से शराब पीता हुआ पाया गया तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। वहीं टीम द्वारा रेस्टोरेंट, बार, होटल पर भी चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान बिना लाइसेंस के शराब का सेवन कराने और बाहरी राज्यों की शराब मिलने पर दंडात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। जनपद को अवैध शराब के कारोबार से मुक्त करने के लिए आबकारी विभाग की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। साथ रात्रि अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम शराब तस्करों के ठिकानों पर दबिश एवं छापेमारी कर रही है। जिससे चोरी-छिपे शराब तस्करी करने वालों को सलाखों के पीछे भेजा जा सकें। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर गौतमबुद्ध नगर में दिल्ली की सीमा से 100 मीटर की परिधि में स्थित सभी मदिरा की दुकानें 3 फरवरी शाम 6 बजे से 5 फरवरी शाम 6 बजे तक पूरी तरह से बंद रहेंगी। अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



















