• कैफे का कर्मचारी गिरफ्तार, अवैध शराब के कारोबार पर कसा शिकंजा
• कैफे में शराब पार्टी की गुप्त सूचना पर मारा छापा
• आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप
•जिले में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह से खत्म करने के लिए जारी रहेगा अभियान
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चल रही कड़ी कार्रवाई के तहत आबकारी विभाग की टीम ने बिना लाइसेंस के चल रही शराब पार्टी का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई जिले के आरडीसी राजनगर स्थित द टेस्ट ऑफ टेरेस कैफे’ में की गई, जहां कैफे की आड़ में अवैध शराब परोसी जा रही थी। इस छापेमारी के दौरान मौके से बड़ी मात्रा में शराब की बोतलें और बीयर की कैन बरामद की गईं। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया कि बुधवार रात को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरडीसी राजनगर स्थित द टेस्ट ऑफ टेरेस कैफे में अवैध रूप से शराब पार्टी का आयोजन किया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर आबकारी निरीक्षक अखिलेश बिहारी वर्मा के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई और कैफे पर छापा मारा गया। जैसे ही टीम ने दबिश दी, कैफे में अफरा-तफरी मच गई। तलाशी के दौरान टेबल पर खाली शराब के ग्लास, बीयर की कैन और शराब की बोतलें मिलीं। इसके अलावा किचन के अंदर अलमारी में छिपाकर रखी गई शराब की कई बोतलें भी बरामद की गईं।
जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ हमारी टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं। होली के त्योहार को देखते हुए जिले में अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए पहले से ही सतर्कता बढ़ा दी गई थी। जिले के हाईवे, नेशनल हाईवे और दिल्ली-गाजियाबाद के चोर रास्तों पर हमारी टीमों द्वारा सघन चेकिंग की जा रही है। इस बार होली पर अवैध शराब तस्करी का एक भी मामला सामने नहीं आया है, जो हमारी सक्रियता और निगरानी का नतीजा है। जिले में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह खत्म करने के लिए हमारा अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध शराब के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आगे भी अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान जारी रहेगा।
कैफे के मालिक और कर्मचारी पर मुकदमा दर्ज
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद कैफे का कर्मचारी विशाल वाल्मीकि (पुत्र सोनू सिंह, निवासी ग्राम चीना, पोस्ट उदयरामपुर नगला जारचा, गौतमबुद्ध नगर) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में कर्मचारी ने खुलासा किया कि कैफे के मालिक राहुल गुप्ता (निवासी मालीवाडा) के निर्देश पर ग्राहकों को बिना लाइसेंस के शराब परोसी जा रही थी। जब शराब पिलाने के लिए लाइसेंस मांगा गया तो कर्मचारी और मालिक कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। आबकारी विभाग ने थाना कविनगर में आबकारी अधिनियम के तहत कैफे के मालिक और कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। होली के मद्देनजर जिले की सीमाओं और चोर रास्तों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि अवैध शराब की तस्करी पर पूरी तरह से रोक लगाई जा सके।
बरामद सामग्री:
• हंड्रेड पाइपर
• कैनबेरी
• रॉकफोर्ड
• बडवाइजर मैग्रम की तीन कैन
• रॉकफोर्ड का हॉफ
• शराब पिए हुए कांच के दो ग्लास
छापे के दौरान मौके पर एक युवक और युवती को कैफे के अंदर बैठा पाया गया। वहीं, बाहर भी कई कपल्स मौजूद थे। किचन में बनी अलमारी से शराब की बोतलें बरामद की गईं, जिन्हें छिपाकर रखा गया था।
अवैध शराब के खिलाफ सख्ती से जारी है अभियान
आबकारी विभाग के अनुसार, अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर पूरी तरह से शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी चोट पड़ी है। जहां होली के त्योहार पर पहले शराब तस्करी के कई मामले सामने आते थे, वहीं इस बार सख्त निगरानी के चलते एक भी मामला दर्ज नहीं हुआ है।

















