शराब कांड : कोतवाल, दरोगा और सिपाही सस्पेंड

सिकंदराबाद में शराब पीने से 4 की मौत, 16 गंभीर

लखनऊ। जनपद बुलंदशहर में शराब का सेवन करने से 4 नागरिकों की मौत होने से सरकारी तंत्र में हड़कंप मचा है। इस प्रकरण में लापरवाही बरतने पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक, चौकी प्रभारी और बीट कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया है। दोषियों के विरूद्ध रासुका की कार्रवाई करने की तैयारी चल रही है। सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के जीतगढ़ी गांव में यह घटना प्रकाश में आई है। जहां शराब का सेवन करने से 4 की मौत होने के अलावा 16 नागरिकों की तबीयत खराब है। तबीयत बिगडऩे पर उन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि वीरवार की शाम जीतगढ़ी गांव में शराब बेची गई थी। इस शराब का सेवन कुछ ग्रामीणों ने किया था। ऐसे में तबीयत खराब होने पर सुखपाल (65), सतीश (45), कलुआ (40) और सरजीत (45) की मौत हो गई। इसके अलावा अजय कुमार, ओमवीर, सुखपाल, गजे, प्रेम सिंह आदि की हालत गंभीर बताई गई है। सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने जीतगढ़ी गांव जाकर ग्रामीणों से बातचीत की। डीएम कुमार ने बताया कि चार ग्रामीणों की शराब पीने से मौत होना बताया गया है। सभी के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उधर, एसएसपी संतोष कुमार सिंह के मुताबिक इस प्रकरण में लापरवाही मानकर सिकंदराबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीक्षित कुमार त्यागी, चौकी प्रभारी अनोखे पुरी और बीट कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। शराब बेचने का आरोपी फरार है। उसके परिवार के कुछ सदस्यों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। मुख्य आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस मामले में पुलिस और आबकारी विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है।