किस्मत : नई-नवेली दुल्हन को मिली दोहरी खुशी

इधर शादी, उधर लग गई सरकारी नौकरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के जनपद गोंडा में नई-नवेली दुल्हन को दोहरी खुशी मिली है। शादी के अगले दिन वह सरकारी टीचर बन गई। शादी के मंडल में 7 फेरे लेने के बाद दुल्हन दूल्हे को छोड़कर सरकारी नौकरी की काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेने पहुंच गई। काउंसलिंग के बाद दुल्हन का सलेक्शन हो गया। इस खबर ने शादी की खुशियों में चार चांद लगा दिए। दुल्हन को अब हर कोई बधाई दे रहा है। सरकारी नौकरी मिलने के बाद दुल्हन ने शादी की शेष रस्मों को अदा किया। जनपद गोंडा के रामनगर में बाराबंकी निवासी प्रज्ञा तिवारी मेहंदी रचे हाथों से अपने दस्तावेजों को संभालते और फार्म को भरते दिखाई दी। दरअसल प्रज्ञा ने शादी के 7 फेरे ले लिए थे। इसके बाद तड़के 5 बजे दूल्हे ने प्रज्ञा की मांग में सिंदूर भरा। तदुपरांत वह मंडप छोड़कर गोंडा में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में पहुंच गई। वहां प्रज्ञा की काउंसलिंग होनी थी। चूंकि काउंसलिंग की शेड्यूल डेट और टाइम निर्धारित था, इसलिए फेरों के बाद प्रज्ञा को कुछ रस्में छोड़कर तुरंत काउंसलिंग के लिए जाना पड़ा। काउंसलिंग के बाद प्रज्ञा वापस आई तब जाकर विदाई हुई। प्रज्ञा के चेहरे पर दोहरी खुशी झलक रही थी। बेसिक शिक्षा अधिकारी इंद्रजीत प्रजापति ने भी प्रज्ञा तिवारी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह बड़ी बात है कि कल शादी हुई और आज नौकरी लग गई। प्रज्ञा काउंसलिंग कराकर वापस बाराबंकी चली गई है। बीएसए प्रजापति ने बताया कि प्रज्ञा की नियुक्ति बेसिक शिक्षा विभाग गोंडा में शिक्षक के पद पर हुई हैं। नई-नवेली दुल्हन की सरकारी नौकरी लगने के बाद लड़के और लड़की पक्ष की खुशी का भी कोई ठिकाना नहीं था। सभी ने प्रज्ञा को बधाई दी। क्षेत्र में भी यह मामला चर्चाओं में आ गया। सभी ने प्रज्ञा तिवारी के साहस और आत्मविश्वास की प्रशंसा की।