कांग्रेस कार्यालय में महाभारत, महिला नेत्री की पिटाई

रेप के आरोपी को टिकट देने का विरोध, हंगामा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में कांग्रेस कार्यालय पर उप-चुनाव में रेप के आरोपी को टिकट देने का विरोध करने पर महिला कार्यकर्ता की पिटाई कर दी गई। महिला वर्कर के साथ आई 3 और महिलाओं को भी बेरहमी से पीटा गया। इसके चलते वहां काफी हंगामा खड़ा हो गया। इस दरम्यान राष्ट्रीय सचिव पर गुलदस्ता तक फेंक दिया गया। देवरिया के टाउन हॉल में कांग्रेस कार्यालय है। वहां राष्ट्रीय सचिव सचिन नायक आए थे। देवरिया विधान सभा क्षेत्र में उप-चुनाव होने हैं। भाजपा विधायक जनमेजय सिंह के आकस्मिक निधन के बाद से यह सीट रिक्त है। 3 नवंबर को इस सीट के लिए मतदान होना है। कांग्रेस ने उप-चुनाव के लिए मुकुंद भास्कर मणि त्रिपाठी को टिकट दिया है। इस सिलसिले में कांग्रेस कार्यालय पर बैठक बुलाई गई थी। वहां महिला नेत्री तारा देवी ने मुकुंद भास्कर को टिकट दिए जाने का विरोध किया। तारा ने आरोप मढ़ा कि मुकुंद भास्कर पर बलात्कार का केस चल रहा है। महिला नेत्री ने आवेश में आकर राष्ट्रीय सचिव व पूर्वांचल सह प्रभारी सचिन नायक पर गुलदस्ता तक फेंक दिया। यह देखकर कुछ कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। कार्यकर्ताओं ने महिला तारा देवी व उनके साथ आईं 3 महिलाओं की जमकर पिटाई की। इसके चलते वहां हंगामा मच गया। कुछ कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कराने की कोशिश भी की। वहीं, महिला नेता तारा देवी का कहना है कि वह 4 साल से पार्टी की सदस्य हैं। पार्टी को साफ -सुथरी छवि के व्यक्ति को टिकट देना चाहिए। इस बावत बात करने के लिए वह सचिन नायक से मिलने पहुंची थीं। महिला तारा ने कहा कि उन्होंने सचिन नायक पर गुलदस्ता नहीं फेंका था। उधर, कांग्रेस प्रत्याशी ने खुद पर लगे आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी भी मामले में अभी तक अदालत ने दोषी नहीं माना है। उधर, देवरिया जनपद में यह मामला सुर्खियों में है। विपक्षी दलों ने कांग्रेस पर ताना मारा है।