उद्धव ठाकरे सरकार ने जताए दूसरी लहर के आसार
मुंबई। दिल्ली के बाद महाराष्ट्र में कोविड-19 (कोरोना वायरस) का प्रकोप एकाएक बढ़ रहा है। त्यौहारी सीजन में नागरिकों की लापरवाही के कारण कोरोना ने पुन: तेजी दिखाई है। स्थिति को कंट्रोल में करने के लिए महाराष्ट्र में एक बार फिर लॉक डाउन लगने की संभावना बढ़ गई हैं। महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री अजीत पवार ने कहा है कि अगले 8-10 दिनों की स्थिति की समीक्षा करने के बाद लॉक डाउन पर फैसला लिया जाएगा। सरकार ने महाराष्ट्र में कोरोना की दूसरी लहर के आसार जता दिए हैं। उप-मुख्यमंत्री अजीत पवार ने कहा है कि दीपावली पर्व के दरम्यान बाजारों में भीड़ उमडऩे से कोरोना संक्रमण बढ़ा है। उन्होंने कहा कि दीपावली पर स्थिति ऐसी थी जैसे भीड़ ने कोरोना को मार दिया हो। महाराष्ट्र में स्कूलों को खोलने लिए कई नियम बनाए गए हैं, जो अलग-अलग हैं। जैसे कि कैसे स्कूल को सैनेटाइज और स्वच्छता बनाया जाए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गणेश चतुर्थी के दौरान भी काफी भीड़ देखने को मिली। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों से बात कर अगले 8.-0 दिनों के लिए स्थिति की समीक्षा करेंगे। तदुपरांत लॉक डाउन के बारे में आगे निर्णय लिया जाएगा। राज्य में कोरोना के 5 हजार 760 नए केस सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 17 लाख 74 हजार 455 से ज्यादा हो गई है। पिछले 24 घंटे में 62 मरीजों की मौत हुई थी। राज्य में मृतकों की कुल संख्या 46 हजार 573 हो गई है। हालांकि पुणे शहर के नागरिकों के लिए अच्छी भरी खबर है। पुणे के 5 क्षेत्रों में सर्वे में शामिल नागरिकों में से 80 प्रतिशत से ज्यादा में प्रोटेक्टिव एंटीबॉडीज़ होने की पुष्टि हुई है। पुणे के 5 क्षेत्रों के लगभग 1700 नागरिकों में सीरो सर्वे किया गया। सर्वे में वहां हर्ड इम्युनिटी होने की बात प्रकाश में आई है।
















