-इंदिरापुरम को मिली 15 फीट की ट्री पूर्निंग मशीन, उद्यान टीम को मिले नए उपकरण
-पांचो जोन के पार्कों का होगा नियमित रखरखाव, 806 मालियों की तैनाती
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम गाजियाबाद ने शहर को हरा-भरा और स्वच्छ बनाए रखने के लिए उद्यान विभाग की कार्यवाही को तेज कर दिया है। निगम के अधीन पांचो जोन में कुल 1419 पार्कों का नियमित रखरखाव किया जा रहा है। इसके तहत कवि नगर जोन में 327, विजयनगर जोन में 178, सिटी जोन में 250, मोहन नगर जोन में 177 और वसुंधरा जोन में 393 पार्क शामिल हैं। इसके अलावा इंदिरापुरम क्षेत्र के 94 पार्कों की देखरेख के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। नगर निगम ने पार्कों की साफ-सफाई और हरियाली बनाए रखने के लिए 806 मालियों की टीम को तैनात किया है, जो पेड़-पौधों को पानी देने, आवश्यक छंटाई और सफाई के कार्य में लगातार जुटी हुई है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने उद्यान विभाग को साफ-सफाई और मॉनिटरिंग को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं, ताकि शहर के हर पार्क को हरा-भरा और सुंदर बनाया जा सके। उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने कहा कि शहर के पार्कों को हरा-भरा और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए उद्यान विभाग पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। इंदिरापुरम क्षेत्र के लिए 15 फीट की क्षमता वाली ट्री पूर्निंग मशीन दी गई है, जिससे पेड़ों की छंटाई का कार्य अधिक प्रभावी तरीके से किया जाएगा। मालियों को आवश्यक उपकरण दिए गए हैं और समय-समय पर हेड मालियों को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि पेड़-पौधों की देखभाल और सफाई का कार्य सुचारू रूप से हो सके।
इंदिरापुरम को मिली बड़ी ट्री पूर्निंग मशीन
उद्यान विभाग ने इंदिरापुरम क्षेत्र की मांग पर 15 फीट की क्षमता वाली बड़ी ट्री पूर्निंग मशीन उपलब्ध कराई है। उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने सोमवार को मशीन को उद्यान टीम को सौंपते हुए आवश्यकतानुसार पेड़ों की छंटाई के निर्देश दिए। इसके अलावा उद्यान टीम को 133 पाइप, 8 लॉन मूवर, फावड़े और कटर भी सौंपे गए हैं। पेड़ों की कटाई-छंटाई को लेकर हेड मालियों को समय-समय पर विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
सिंचाई व्यवस्था के लिए 1068 समरसेबल पंप सक्रिय
नगर निगम की सीमा में स्थित पार्कों में पेड़ों और पौधों को समय पर पानी देने के लिए 1068 समरसेबल पंप लगाए गए हैं, जिनकी मदद से पेड़ों को नियमित रूप से पानी दिया जा रहा है। ग्रीष्म ऋतु शुरू होने से पहले अगले 15 दिनों के भीतर सभी नलकूपों की स्थिति की रिपोर्ट मांगी गई है। साथ ही पेड़-पौधों में पानी के छिड़काव की नियमित मॉनिटरिंग के भी निर्देश दिए गए हैं।
पौधारोपण अभियान को मिलेगा बढ़ावा
नगर निगम ने जनप्रतिनिधियों के सहयोग से शहर के खाली भूखंडों पर पौधारोपण की योजना भी तैयार की है। इसके तहत जहां-जहां निगम की खाली भूमि उपलब्ध है, वहां पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाई जाएगी। पतझड़ के मौसम में सफाई अभियान को तेज करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि पार्कों में स्वच्छता और हरियाली बनी रहे। नगर निगम के इस व्यापक अभियान से गाजियाबाद के पार्कों की स्थिति में बड़ा सुधार देखने को मिल रहा है। निगम की इस पहल से शहर के पर्यावरण में सुधार होगा और लोगों को स्वच्छ व हरे-भरे पार्कों का लाभ मिलेगा।

















