-जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में एनएचएआई व शिक्षा विभाग के अधिकारी हुए गायब
-विभागीय लापरवाही से होने वाले सड़क दुर्घटना का अंजाम भुगतेंगे संबंधित अधिकारी
गाजियाबाद। जिले की जर्जर हो चुकी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए आगामी 1 सितंबर से 10 सितंबर तक अभियान चलाकर गड्ढ़ा मुक्त किया जाएगा। बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने अपर पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा, एआरटीओ प्रशासन राहुल श्रीवास्तव, एआरटीओ प्रवर्तन राघवेंद्र सिंह , पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राम राजा, सहायक अभियंता डीके शर्मा, नगर निगम के अधिशासी अभियंता फरीद अख्तर जैदी, एआरएम रोडवेज एनके वर्मा, एनसीआरटीसी के अधिशासी अभियंता गौरव मल्होत्रा आदि अधिकारियों एवं बस-ट्रक, टैंपों एसोसिएशन के पदाधिकारी के साथ सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के दौरान यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से संबंधित जन जागरूकता अभियान सभी विभाग चलाएं। सड़कों को जल्द गड्ढा मुक्त कराया जाए। जिलाधिकारी ने बैठक में एनएचएआई के अधिकारियों के उपस्थित न होने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्हें स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। जिला सड़क सुरक्षा समिति के तहत परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, नगर निगम, जीडीए, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग आदि विभागों द्वारा निगरानी की जाती है। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को इसका सदस्य सचिव बनाया गया है।
समिति की ओर से साल में 12 बैठक की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक माह अनिवार्य रूप से समिति की बैठक की जाए। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में घायलों और मृतकों की संख्या में वृद्धि हो रही है। जिलाधिकारी ने इस पर चिंता जताते हुए कहा कि परिवहन विभाग,पुलिस समेत अन्य विभाग सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में वर्ष-2019, 2020 एवं 2021 में हुई सड़क दुर्घटनाओं के आधार पर सड़क सुरक्षा समिति द्वारा जनपद में चिन्हित किए गए कुल 16 ब्लैक स्पॉट पर विस्तृत रूप से समीक्षा की गई।उन्होंने पीडब्ल्यूडी,एनएचएआई,नगर निगम,जीडीए अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी बैठक से पहले सभी ब्लैक स्पॉट पर पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई पूरी कर आख्या उपलब्ध कराई जाए। जनपद में मुख्य मुख्य मार्ग करहेड़ा पुल, जीटी रोड, महामाया स्टेडियम रोड, लालकुआं से ज्ञानी बॉर्डर, एनएच-9 से डायमंड फ्लाईओवर व हापुड़ चुंगी से राजनगर एक्सटेंशन,नागद्वार,मोहन नगर से हिंडन एयरफोर्स,भौपुरा से लोनी तक तुलसी निकेतन,सीआईएसएफ बटालियन इंदिरापुरम में 15 रोड पर जगह-जगह गोल चक्कर हैं।उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि 1 सितंबर से 10 सितंबर तक अभियान चलाकर सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाए।
ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जजा सकें। जिलाधिकारी ने बैठक में बीएसए और जिला विद्यालय निरीक्षक के उपस्थित न होने पर दोनों को नोटिस भेजने और स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग सभी विद्यालयों में सड़क सुरक्षा संबंधित वीडियो क्लिप चलावाएं। छात्रों के बीच निबंध, लेखन, स्लोगन,चित्रकला, वाद-विवाद प्रतियोगिता का प्रत्येक तीन माह में आयोजन कराया जाए। ताकि छात्रों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता उत्पन्न हो सकें।उन्होंने निर्देश दिए कि परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस सड़क सुरक्षा से जुड़े जैसे हेलमेट, सीट बेल्ट, मोबाइल फोन प्रयोग न करने और ओवर स्पीडिंग, गलत साईड ड्राइविंग आदि करने वालों के खिलाफ प्रभावी तरीके से अभियान चलाकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन करने की कार्रवाई की जाए।जिलाधिकारी ने आदेश दिए कि जिले में नगर निगम, पीडब्ल्यूूडी, एनएचआई,जीडीए क्षेत्र में जो भी सड़कें आती है। उन्हें जल्द गड्ढ़ा मुक्त कराए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग के अधिकारी कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं जो कि गलत है। अगर जल्दी कार्य पूरा नहीं कराया गया और कोई दुर्घटना हो जाती है तो संबंधित विभाग से संबंधित सड़क दुर्घटना मानी जाएगी। उस विभाग के अधिकारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















